मानपुर क्षेत्र के मदनवाड़ा और कोरकोट्टी में 12 जुलाई 2009 को एसपी सहित 29 जवानों ने शहादत दी थी। नक्सलियों ने जवानों की पार्टी पर हमला कर दिया था। देश ही यह पहली घटना थी, जिसमें एसपी मुठभेड़ में शहीद हुए थे। इन जवानों की शहादत को नमन करने के लिए शहर के जागरूक लोगों की ओर से तीन दिवसीय कार्यक्रम कराया जा रहा है। इस कड़ी में 10 जुलाई को पुराना रेस्ट हाउस रोड कस्तूरबा महिला मंडल के बाजू में स्थित अभिलाषा स्कूल में रक्तदान शिविर रखा गया है।
लगभग 100 लोगों द्वारा रक्तदान कराने का लक्ष्य रखा गया है। 11 जुलाई को शहीदों की याद में पौधे रोपे जाएंगे और इनकी देखरेख की जिम्मेदारी भी ली जाएगी। रक्तदान बनेगा, महाभियान समिति के बैनर तले यह कार्यक्रम कराया जा रहा है। समिति के सदस्य लगातार इसकी तैयारी में जुटे हुए हैं। समिति के अध्यक्ष सूरज बुद्धदेव अपनी टीम के साथ तैयारी करा रहे हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष मधुसूदन यादव ने कार्यक्रम की तैयारी का जायजा लिया और कार्यक्रम में मौजूद रहने का आश्वासन दिया। 12 जुलाई को ठाकुर प्यारे लाल चौक के पास शहीद एसपी विनोद कुमार चौबे की प्रतिमा के सामने श्रद्धांजलि सभा रखी गई है। इस दौरान विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी व सदस्य श्रद्धांजलि देने मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समिति के सदस्य सक्रिय होकर जुटे हुए हैं।
