डोंगरगढ़। धर्मनगरी के पुराना रोपवे के सामने स्थित पहुना लाज में पति-पत्नी बनकर रूके प्रेमी युगल ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। दोनों पहले से शादीशुदा थे। गुरुवार सुबह लाज से चेक आउट का समय हुआ, तब कर्मचारियों ने उनके कमरे का दरवाजा खटखटाया। जब आवाज नहीं आयी तो उन्होंने लाज के बाकी कर्मचारियों को बताया। घंटेभर बाद भी जब दोनों बाहर नहीं निकले, तब लाज कर्मियों ने पुलिस को सूचना देकर बुलाया।
इसके बाद लाज पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खटखटाया। भीतर से किसी की आवाज नहीं आने पर पुलिस ने दरवाजे को तोड़ दिया। कमरे में दोनों प्रेमी युगल ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। जिसे देख लाज के कर्मचारी सकते में आ गए। बताया कि बुधवार को ही दोनों पति-पत्नी होने की जानकारी देकर रूक लिए थे। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे उनका चेक आउट का समय था, लेकिन उस समय तक दोनों बाहर ही नहीं आए थे। घंटेभर बाद जब कर्मचारियों ने उनके कमरे के दरवाजे को खटखटाया तो भीतर से किसी की आवाज नहीं आयी।
इसके बाद सभी हतप्रभ रह गए थे। डोंगरगढ़ थाना प्रभारी अलेक्जेंटर किरो ने बताया कि गौतम नगर खुर्सीपार भिलाई निवासी 35 वर्षीय मुकेश कुमार पिता मांगीलाल और अंबेडकर चौक वार्ड 11 दुर्ग निवासी 25 वर्षीय लक्ष्मी देवांगन का शव लाज से बरामद कर पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिए हैं। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। थाना प्रभारी किरो ने कहा कि दोनों शादीशुदा थे। इसकी जानकारी सामने आयी है। भिलाई पुलिस से मदद लेकर इसकी छानबीन की जा रही है।
