प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए आईटीबीपी की ओर से छत्तीसगढ़ में नवगठित राज्य आपदा मोचन बल के 30 जवानों को स्पेशल ट्रेनिंग दी गई। आईटीबीपी की 5 प्रशिक्षकों को ट्रेनिंग देने के लिए चंदखुरी रायपुर भेजा गया था।
द्वितीय कमान ऑपरेशन सैय्यद जावेद अली की निगरानी में जवानों को रॉक क्लाईमिंग, माउंटेनिंग, बिल्डिंग रेस्क्यू, रॉक रेस्क्यू के अंतर्गत ऊंची इमारतों में फंसे घायलों को बचाने की ट्रेनिंग दी गई। बाढ़ रेस्क्यू, आग लगने की स्थिति में बचाव कैसे करना है? इसका प्रशिक्षण दिया गया। रेस्क्यू के दौरान उपयोग में आने वाले सामानों की जानकारी दी। उपकरणों का इस्तेमाल करने का तरीका बताया गया। जवानों ने उत्साह के साथ प्रशिक्षण लिया। इससे आपदा मोचन बल की क्षमता में और वृद्धि हुई। जवानों को स्पेशल ट्रेनिंग देने के लिए अतिरिक्त महानिदेशक नगर सेना अरूण देव गौतम की ओर से आईटीबीपी के कार्यों की सराहना करते हुए द्वितीय कमान सैय्यद जावेद अली को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। नोडल अधिकारी सैय्यद ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी ऐसे कार्य किए जाएंगे।
