ठेलकाडीह पुलिस की टीम ने किसानों के खेतों से मोटर पंप और वायर की चोरी करने वाले गिरोह को पकड़ा है। इसमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। खास बात यह है कि सभी आरोपी दैनिक रोजी के हिसाब से चोरी किया करते थे, जिनका मास्टर माइंड ठेलकाडीह में कबाड़ी दुकान संचालित करने वाला राजा खान निकला है।
पुलिस ने बताया कि आसपास के इलाके में लगातार खेतों से सिंचाई पंप और केबल वायर की चोरी हो रही थी। इस तरह के तीन प्रकरण भी थाने में दर्ज हुए। इसके बाद पुलिस की टीम आरोपियों की पतासाजी में लगी हुई थी। तभी पुलिस को कबाड़ी दुकान संचालक राजा खान के पास सामान बेचे जाने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने राजा से पूछताछ शुरू की। जिसमें पूरे गैंग का खुलासा हुआ। पुलिस ने मास्टर माइंड राजा खान सहित किशोर जैन, अजय पुरी, भरत उर्फ लल्ला पुरी, सुशील साहू, पप्पू कुलदीप और दो नाबालिग को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से बड़ी मात्रा में चोरी का सामान भी जब्त किया गया है।
