सोमनी पुलिस ने शराब के रुपए नहीं देने पर दादी की हत्या का प्रयास करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पूर्व में भी हत्या के मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि ग्राम जराही निवासी नोखेलाल साहू (28 वर्ष) शराब पीने के लिए अपनी 65 वर्षीय दादी झुना बाई से रुपए मांगने लगा। लेकिन दादी ने रुपए नहीं होने की बात कही। इस पर आक्रोशित आरोपी ने अपनी दादी के सिर को दीवार में टकराकर मारपीट करने लगा। इसके बाद आरोपी ने गला दबाकर हत्या करने का भी प्रयास किया।
गंभीर रुप से घायल झ़ुना बाई को परिजन मेडिकल कॉलेज हास्पिटल लेकर पहुंचे। जिसके बाद पुलिस को मामले की सूचना मिली। इधर आरोपी नोखेलाल घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गया। जिसे सोमनी पुलिस की टीम ने शाम तक गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी नोखेलाल अपने भाई के हत्या के मामले में पहले भी जेल जा चुका है।
