नगर से 24 जून को लापता हुए हार्डवेयर व्यवसायी रमेश जनबंधु की लाश राउरकसा डेम में मिली हैं। वहीं व्यापारी की बाइक 10 किमी. दूर बछेराभाठा के तालाब में मिली है। पुलिस व्यापारी के हत्या की आशंका जता रही है। पुलिस के हाथ कुछ सीसीटीवी फुटेज भी लगे हैं।
नगर के कालकापारा में रहने वाले व्यापारी रमेश जनबंधु 24 जून की शाम करीब 4 बजे घर से निकले थे। उन्होंने उधार की वसूली के लिए जाने की बात घरवालों को बताई थी। लेकिन इसके बाद रमेश वापस नहीं लौटे। पूरी रात रमेश के नहीं लौटने पर दूसरे दिन परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। जिसके बाद से पुलिस की टीम व्यापारी रमेश की पतासाजी में लगी हुई थी। तभी बोरतलाव इलाके में मौजूद बछेराभाठा गांव के तालाब में ग्रामीणों ने एक बाइक देखी।
तालाब में पानी कम होने के चलते बाइक पूरी तरह डूब नहीं पाई थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरु की, जिसके बाद उक्त बाइक रमेश जनबंधु के होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने आसपास के हिस्से में रमेश की तलाश की। तालाब में जाल डालकर भी खोजने का प्रयास किया, लेकिन उसके बारे में कोई भी जानकारी नहीं मिली। इधर जांच में जुटी पुलिस को कुछ सीसीटीवी फुटेज भी हाथ लगे हैं। पुलिस मृतक का कॉल डिटेल भी निकलवा रही है।
लोगों ने शव को देख पुलिस को दी सूचना
सोमवार शाम बछेराभाठा से 10 किमी दूर राउरकसा डेम में रमेश जनबंधु की लाश मिली। आसपास के कुछ लोगों ने शव को देख पुलिस को सूचना दी। इसके बाद डोंगरगढ़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। लाश की पहचान रमेश के रुप में हुई। पुलिस ने बताया कि लाश सड़ने लगी थी। आशंका जताई जा रही है कि जिस दिन रमेश लापता हुए थे, संभवत: उसी दिन उनकी मौत हो गई थी। इधर पुलिस मामले को हत्या मानकर जांच में जुटी हुई है।
