स्मृति नगर पुलिस ने जुनवानी स्थित सूर्या मॉल के इलेक्ट्रानिक्स शोरुम से मंहगे मोबाइल और गैजेट चोरी करने वाले सेल्समैन सुनील मंडावी निवासी जुनवानी को गिरफ्तार किया है। रविवार रात पुलिस ने शोरुम के मैनेजर अरूणांशु सेन गुप्ता की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ धारा 380 के तहत केस दर्ज किया था। मैनेजर ने पुलिस को बताया कि दो दिन पहले उसे शोरुम में मोबाइल का खाली बॉक्स पड़ा मिला था।
इससे उसे शंका हुई कि दुकान से मोबाइल चोरी हुए हैं। इसके बाद उसने स्टॉक चेक किया तो चोरी का पता चला। स्टॉक से 2.92 लाख कीमत के मोबाइल और गैजेट गायब थे। पुलिस ने विवेचना के दौरान शोरुम में काम करने वाले 28 कर्मचारियों से पूछताछ की। पुलिस की सख्ती करने पर आरोपी सुनील मूल निवासी बालोद टूट गया और जुर्म कबूल कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि 5 जून से 20 जून के बीच उसने पांच मोबाइल और अन्य गैजेट की चोरी की। पुलिस ने आरोपी से चोरी का पूरा सामान जब्त कर लिया है।
