राजनांदगांव । साप्ताहिक मय-सीमा की बैठक में कलेक्टर तारण प्रकाश सिन्हा ने दोहराया कि सोमवार को सभी विभाग प्रमुख अपने कार्यालयों में अनिवार्य रूप से मौजूद रहें। जनता की समस्याएं-शिकायतें सुनें व निराकरण करें। उन्होंने मुख्यालय में ही रहने की भी हिदायत दी। मंगलवार को कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में हुई बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि लोक सेवा गारंटी योजना के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का निराकरण समय पर करें। वहीं आफलाइन आवेदनों को भी आनलाइन करें। उन्होंने कहा कि योजना का प्रभावी क्रियान्वयन होना चाहिए। यह भी जरूरी है कि निश्चित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण प्राथमिकता से किया जाए। जनप्रतिनिधियों के लिए अलग से पंजी निर्धारित करें। जनसामान्य के आवेदनों के लिए संवेदनशीलता अपनाते हुए निराकरण करें।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी मुख्यालय में रहेंगे। प्रत्येक सोमवार को अधिकारी अपने कार्यालय में उपस्थित रहेंगे। अन्य दिन निर्धारित कर भ्रमण करें तथा जमीनी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन का निरीक्षण करें। कलेक्टर सिन्हा ने कहा कि कोविड-19 से सुरक्षा के लिए सभी उपायो को अपनाना है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा. मिथलेश चौधरी को मुख्यमंत्री हाट बाजार योजना तथा मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के लिए स्वास्थ्य विभाग को कार्य करने के निर्देश दिए और उन्होंने जनौषधि केन्द्र के संबंध में जानकारी ली।
जिले में 900 केंद्रों में पोषण वाटिका महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी रेणु प्रकाश से मुख्यमंत्री सुपोषण योजना के क्रियान्वयन की जानकारी ली एवं पोषण वाटिका बनाने के लिए निर्देश दिए। कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास ने बताया कि 900 केंद्रों में पहले पोषण वाटिका विकसित की गयी थी और अभी इस दिशा में कार्य कर रहे है। कलेक्टर ने मातृत्व वंदन योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कहा। उन्होंने कृषि विभाग से फसल विविधीकरण तथा खाद-बीज की उपलब्धता की जानकारी ली। जल संरक्षण के लिए नरवा योजना के विकास के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि नरवा योजना के प्रभाव का मूल्यांकन करें। कलेक्टर ने रिक्त शासकीय भूमि के आबंटन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन वनवासियों को वनाधिकार पट्टा मिला है, उनकी आजीविका के लिए वहां विभिन्ना विभाग समन्वय करते हुए डबरी निर्माण, मुर्गी पालन एवं मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत पौधरोपण करने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना शासन की महत्वपूर्ण योजना है। इसके लिए सभी ग्राम पंचायतों में स्थानों का चिन्हांकन करें और वहां वृक्षारोपण के लिए प्रोत्साहित करें। इसके लिए उद्यानिकी एवं वन विभाग से तकनीकी सहायता ले सकते हैं। इसके साथ ही किसानों को औषधीय एवं फलदार वृक्ष तथा जिमीकंद-हल्दी लगाने के लिए भी कहें।
बताया गया कि वन अधिकार पट्टा के तहत जिन्हें जमीन मिली है उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिलेगा। पहुंचविहीन ग्रामों को पहुंच योग्य बनाना शासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी एसडीएम कार्य करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अभी जिन कार्यों का भूमिपूजन किया है उन्हें आरंभ करें और जो कार्य पूर्व से चल रहे थे उनमें तेजी लाएं।
कलेक्टर सिन्हा ने सभी संबंधित विभागों से कहा कि वर्मी कंपोस्ट विक्रय करें। शासन के निर्देशानुसार कृषि, उद्यानिकी, वन एवं अन्य सभी संबंधित विभाग गौठान के वर्मी कंपोस्ट का ही उपयोग करेंगे। बाहर से खाद खरीदने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कृषि एवं उद्यानिकी विभाग को किसानों को जैविक खेती करने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव जिले को आर्गेनिक जिला बनाना है।
