छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में स्लीपर सेल का काम करने वाले एक सहयोगी को मानपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिसके पास से बारूद सहित प्रेशर कुकर, इलेक्ट्रिक वायर और विस्फोटक बनाने सामान बरामद किया गया है। आरोपी लंबे से नक्सलियों के लिए सामान सप्लाई करने का काम कर रहा था।
कूकर बम बनाने का सामान भेज रहा था
जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के धुर नक्सली प्रभावित गांव बुकमरका का निवासी दिलीप दुग्गा(23 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। थाना प्रभारी लक्ष्मण केंवट ने बताया कि उनको शनिवार सुबह नक्सलियों के लिए सामान सप्लाई करने की सूचना मिली थी। जिसके बाद घेराबंदी करके परदौनी के स्कूल के सामने बाइक की तलाशी में डेढ़ किलो बारूद, 5 नग डटोनेटर, 21 नग नक्सली पाम्प्लेट समेत 2 प्रेशर कुकर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान जब्त किया गया। इस सामान से कूकर बम बनाया जाता है जिसे नक्सली, फोर्स को नुकसान पहुंचाने के लिए प्रयोग करते हैं। आरोपी युवक से संदेह के आधार पर पूछताछ किया गया। जिसमें नक्सलियों को सामान सप्लाई किए जाने की पुष्टि हुई है।लंबे समय से नक्सलियों के लिए कर रहा था काम
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक नक्सलियों का कट्टर समर्थक है। वह आसपास के बाजारों से सामान खरीदकर नक्सलियों तक पहुंचाता था। पूछताछ में दिलीप ने नक्सलियों के दूसरे स्थानीय नेटवर्क के बारे में भी जानकारी दी है। उससे मिली अहम जानकारियों के बाद पुलिस को आगे सफलता मिल सकती है।
यह भी बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती क्षेत्रों में नक्सलियों को युवक के द्वारा सामान सप्लाई करना था। इससे पहले पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को गिरफ्तार कर नक्सलियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।
राजनांदगांव पुलिस को उम्मीद है कि इस युवक से जो पूछताछ में जो इनपुट मिले है, उसके आधार पर आगे का प्लान तैयार करके नक्सलियों को टारगेट करने में सहायता मिलेगी। इसके साथ ही साथ ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में दिलीप दुग्गा के अलावा और कितने स्लीपर सेल काम कर रहे है, इसका पता लगाने में पुलिस जुट गई है।
