खैरागढ़। पाइपलाइन विस्तार ने शहरवासियों की मुसीबत बढ़ा दी है। पाइप बिछाने सड़कों की बेतरतीब खोदाई की जा रही है। यहीं नहीं पाइप लाइन बिछने के बाद गढ्ढों को समतल भी नहीं किया जा रहा है। जिसके चलते बारिश का पानी सड़कों पर भर रहा है। सड़कों पर पानी भरने के कारण लोगों को आवागमन करने में बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों में फिसलन के चलते गिरने का डर मंडरा रहा है। बीते कई दिनों से पाइप लाइन विस्तार को लेकर शहर के अंदरूनी हिस्सों में खुदाई के चलते आने-जाने में कठिनाई हो रही थी। गुरूवार दोपहर दो घंटे की झमाझम बारिश से मलबा सड़क पर बिखर गया। मस्जिद चौक और इतवारी बाजार मे सड़क पर पानी भर गया। जिसके कारण आवाजाही दूभर हो गई।
गौरतलब है कि नपा की लापरवाही और अधिकारियो की अदूरदर्शिता के चलते शुद्ध पेयजल को लेकर शहर मे जारी जल आवर्धन योजना पूरी तरह से लोगो के लिए परेशानी का सबब बन गई है। भाजपा शासनकाल में रानी रश्मिदेवी सिंह जलाशय से भूमिगत पाइप लाइन के सहारे शहरवासियों की प्यास बुझाने की योजना का कांग्रेस शासनकाल में पूरी तरह से डीपीआर पलट दिया गया और बीते आठ दस सालों में अलग-अलग कारणों से पूरे शहर में चार बार पाइप बिछाई जा चुकी पाइप लाइन की जगह नए सिरे से पांचवी बार पाइप लाइन बिछाया जा रहा है। सही मायनों में जिसकी कोई जरूरत नहीं है। जिसके चलते जनमानस की परेशानिया बढ़ी हुई थीं। रही सही कसर बरसाती पानी ने निकाल दिया। लगातार विरोध के बाद भी निर्माण एजेंसी बदस्तूर संगीत नगरी मे डामरीकृत सड़क, आरसीसी, नाली पुलिया की खुदाई करने में जुटी हुई है और सुगम आवाजाही को लेकर बरसों बाद मिले सुलभ आरसीसी और सड़क व्यवस्था को बर्बाद कर रही है।
मार्च में हुआ नपा से अनुबंध
31 करोड़ 35 लाख 65 हजार की भारी भरकम रकम वाली जल आवर्धन योजना के क्रियांवयन को लेकर तीन मार्च 20 को मनीष पाइप्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ एचआर स्ट्रर, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, कंपाउंड वाल एट डब्ल्यूटीपी, क्लियर वाटर पंपिंग मशीनरी, राइजिंग मेन एंड स्टेट हाइवे क्रासिंग, ड्रिस्टीब्यूशन नेटवर्क जैसे कामों को 36 माह मे पूरा करने नपा से अनुबंध हुआ और 7 मार्च को कार्यादेश भी जारी हो गया। इसके बाद से निर्माण एजेंसी के काम करने के तरीकों को लेकर लगातार विरोध होते आ रहा है। लेकिन नतीजा सिफर रहा। पूर्व सीएम डा.रमन सिंह ध्यानाकर्षण सूचना के तहत विषय को विधानसभा मे भी उठा चुके हैं। नपा उपाध्यक्ष सहित कांग्रेस और भाजपा के पार्षद भी नगरीय प्रशासन विभाग सहित अलग अलग विभागों मे शिकायत कर चुके हैं। लेकिन काम बदस्तूर जारी है।
एसडीएम ने भी बनाई कमेटी
जिपं उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह के कार्यकाल मे शहर को सुविधा संपन्ना बनाने हर संभव प्रयास किया गया है। निर्माण एजेंसी के बेतरतीबी से जारी काम को लेकर नाराज सिंह ने पाइप लाइन बिछाने खोदे गड्ढे मे पाइप डालने के बाद टेस्टिंग, फीलिंग और कांक्रीटीकरण के बाद आगे बढ़ाने कहा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। निर्माण एजेंसी ने कुछ दिन काम बंद रखा, कुछ इलाको की सड़के सुधारी और फिर वही रास्ता अख्तियार कर लिया। जिसके चलते अब शहर के अंदरूनी हिस्सो में बेतरतीबी से किए गढ्ढे और सड़को पर बिखरा मलबा लोगो की समस्या बढ़ा रहा है। सितंबर महीने में एसडीएम की अध्यक्षता मे शिकायत जांच के लिए नायब तहसीलदार, आरईएस और पीडब्ल्यूडी के एसडीओ और उप कोषालय अधिकारी की टीम बनाकर सात दिनों मे जांच रिपोर्ट पेश करने कहा। लेकिन मामला अभी भी अधर में है।
