राजनांदगांव । जिले में अनलाक होते ही पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए एक बार फिर से कड़ाई शुरू कर दी है। बेतरतीब खड़े दोपहिया वाहनों सहित बिना नंबर प्लेट, बिना लायसेंस और बिना मास्क लगाये घूमने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। दोपहिया वाहनों को जब्त भी किया गया।
जिले मे डेढ़ माह के लाकडाउन के बाद अनलाक होते ही सड़कों पर फिर से ट्रैफिक का दबाव पहले की तरह बढ़ गया है। कोराना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने अब बिना मास्क के वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने अभियान शुरू कर दिया है। इसी कडी मे मंगलवार से प्रतिदिन यातायात पुलिस ने ईमाम चौक पर पाइंट लगाकर बिना नंबर प्लेट और बिना लायसेस के वाहन चलाने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई रही है। इसी तरह बाजार में बेतरतीब खड़े वाहनों को जब्त किया गया। बैंक से पैसे निकालने पहुंचे लोगों के दोपहिया वाहनों की चालानी व जब्ती की कार्रवाई की गई। किसान अपनी वाहन को पार्किंग के बजाय यत्र-तत्र खड़े कर बैंक से पैसे निकालने जुटे हुए थे। पुलिस ने बिना मास्क पहने दोपहिया, चारपहिया वाहन चलाने वाले सौ से अधिक लोगों का चालान काटा है इसके अलावा बिना हेलमेट, बिना लाइसेंस, तीन सवारी बैठाने, यातायात संकेतकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
पहले समझाइश, फिर कार्रवाई
लाकडाऊन के 45 दिनो बाद चौक-चौराहों के ट्रैफिक सिंग्नल चालू हो गए हैं, लेकिन लोग बेहपरवाह होकर नियम का उल्लंघन करने लगे हैं। यातायात पुलिस ने बताया कि अनलाक के दौरान कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए ट्रैफिक पुलिस के अमले को निर्देश दिया गया है कि बिना मास्क वाहन चलाने वालों को रोककर समझाएं। फिर भी नहीं मानने वालों का चालान काटें। इसी कडी मे कार्यवाही की गई है ।
