० मेडिकल कॉलेज सदस्य अशोक फडनवीस के प्रयासों से
० चर्चा से डाक्टरों में प्रसन्नता की लहर
राजनांदगांव, 04 जून। राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में कार्यरत संविदा डाक्टर एसोसिएशन के प्रतिनिधि एवं स्वास्थ्य मंत्री टी एस सिंहदेव से आज वर्चुवल 40 मिनट की चर्चा की गई। एसोसिएशन के डाक्टरों ने अशोक फडनवीस से मिलकर मंत्री सिंहदेव से चर्चा करवाने की बात कहीं जिसके उपरांत फडनवीस ने मंत्री सिंहदेव से बात कर आज का समय लिया था। वर्चुअल चर्चा के दौरान राजनांदगांव संविदा चिकित्सा शिक्षक एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. राजेश डुलानी एवं उपाध्यक्ष डॉक्टर नितिन भूषण चंदेल ने मंत्री को बताया कि प्रदेश के 7 मेडिकल कॉलेजों में लगभग 400 डाक्टर 6 – 7 वर्षो से संविदा आधार पर कार्यरत है इसमें लगभग 45 डाक्टर्स राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में कार्यरत है जो निरंतर अपनी सेवा दे रहे है। कोरोना महामारी में भी सभी डाक्टरों ने अपनी पूर्ण सेवा दी प्रदेश के ऐसे चिकित्सकों को नियमित करने व सीधी भर्ती हेतु लगभग ढ़ाई वर्ष पूर्व ‘आदर्श सेवा नियम 2019Ó के नाम से राजपत्र में अधिसूचना जारी की गई थी। इस नियम के अनुरूप भर्ती व नियमित करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो इससे पूर्व नियमित डाक्टरों द्वारा अपने पदोन्नति पर विपरित प्रभाव की सोच से माननीय उच्च न्यायालय में छ.ग. शासन के विरुद्ध याचिका दायर की जो निर्णय की प्रक्रिया में लम्बित है।
डाक्टर राजेश डुलानी एवं डॉ. चंदेल ने सिंहदेव को बताया कि मार्च 2020 में छ.ग. शासन द्वारा पूर्व आदर्श भर्ती नियम में संशोधन किया है। जिससे की वर्तमान में की जाने वाली भर्ती से पदोन्नति से संबंधित पद प्रभावित नहीं होगें। साथ ही यह भी कहा कि वर्तमान समय तक प्रदेश में लम्बित पदोन्नति के लगभग समस्त पदों पर पदोन्नति पूर्ण कर ली गई है। इस परिस्थितियों से अवगत कराते हुए इन्होंने निवेदन किया कि छत्तीसगढ़ की समस्त संविदा चिकित्सकों का विधिवत संविलियन / नियमितीकरण करे जिससे की सभी चिकित्सकों का भविष्य सुरक्षित हो सके। चर्चा के दौरान अशोक फडनवीस द्वारा भी माननीय मंत्री से संविदा चिकित्सकों के हित में प्रयास करने का निवेदन किया। समस्त तथ्यों को मंत्री सिंहदेव ने गंभीरता से सुना एवं तत्काल डायरेक्टर चिकित्सा शिक्षा को फोन लगाकर इस संबंध में चर्चा की व पूर्ण जानकारी ली व संविदा चिकित्सकों के हित में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर क्रियान्वयन की बात कहीं। उन्होंने एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से कहा कि आप सभी के हित में हमारे द्वारा शीघ्र प्रयास किया जायेगा। उपरोक्त सकारात्मक चर्चा से संविदा चिकित्सकों में खुशी व प्रसन्नता की लहर है। डाक्टरों द्वारा अंत में माननीय मंत्री को इस सकारात्मक आश्वासन व प्रयास करने के लिए धन्यवाद दिया साथ ही अशोक फडनवीस को इस महत्वपूर्ण सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। वर्चुअल चर्चा के दौरान मेडिकल कॉलेज सदस्य अशोक फडनवीस एवं समाजसेवी अनीस खान विशेष रूप से उपस्थित थे एवं ऐसोसिएशन के डाक्टर चंदेल, डाक्टर प्रफुल्ल नीकम, डाक्टर किरन, डॉक्टर प्रज्ञा जयसवाल एवं डाक्टर अनुज गुप्ता, डाक्टर सिद्धार्थ एवं डाक्टर रवि उपस्थित थे। उपरोक्त समस्त जानकारी डाक्टर एसोशिएशन द्वारा प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।
