प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री शाहिद भाई के प्रयासों से सोमनी क्षेत्र में निर्मित संस्करधानी कोविड सेंटर में 5 वेंटिलेटर और 60 सेंट्रल आक्सीजन युक्त बेड वाले 200 बिस्तर का वर्चुअल माध्यम से राजनंदगांव प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर ने लोकार्पण किया।
कोरोना के दूसरी लहर में मची अफरा-तफरी और त्रासदी को देखने के बाद तीसरी लहर के सुगबुगाहट से शासन, प्रशासन ने स्वास्थ सुविधा बढ़ाने का कार्य शुरू कर दिया है। वहीं राजनंदगांव जिले के ग्राम सोमनी में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री शाहिद भाई की पहल से 5 वेंटिलेटर सहित 100 ऑक्सीजन युक्त व 100 सामान्य बेड की सुविधा वाली संस्कारधानी कोविड ट्रीटमेंट सेंटर का निर्माण किया गया है, जिसका आज वर्चुअल लोकार्पण राजनंदगांव जिले के प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर ने किया। इस दौरान उन्होंने शाहिद भाई से कोविड ट्रीटमेंट सेंटर की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की। संस्कारधानी कोविड सेंटर के संचालक शाहिद भाई ने कहा कि जिला प्रशासन की सतत मॉनिटरिंग और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, उद्योगपतियों के सहयोग से कोरोना की दूसरी लहर में कोविड केयर सेंटर स्थापित किया गया था, जहां से सैकड़ों मरीज स्वस्थ होकर अपने घर वापस लौटे हैं। अब कोरोना की तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए कोविड केयर सेंटर को ट्रीटमेंट सेंटर में तब्दील कर यहां वेंटिलेटर सहित ऑक्सीजन युक्त बेड की संख्या बढ़ाई गई है।
कोरोना के दूसरे दौर की भीषण त्रासदी से राजनांदगांव जिला भी अछूता नहीं था। आम नागरिकों को इलाज देने की असुविधा को देखते हुए सोमनी मॉडल कॉलेज को संस्कारधानी कोविड सेंटर के रूप में प्रारंभ किया गया था। अब कोरोना की तीसरी लहर की संभावना से यहां स्वास्थ सुविधा का विस्तार किया गया है। कोविड ट्रीटमेन्ट सेंटर के वर्चुअल लोकार्पण के अवसर पर राजनंदगांव जिले के कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा, एसडीएम मुकेश रावटे, जिले के मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ मिथिलेश चौधरी, तहसीलदार रमेश मौर्य सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि व समाजसेवी भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर राजनांदगांव कलेक्टर टीके वर्मा ने प्रभारी मंत्री को ट्रीटमेंट सेंटर से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी दी। वहीं उन्होंने प्रभारी मंत्री को बताया कि इस ट्रीटमेंट सेंटर में सेवा देने वाले लोगों को तकनीकी प्रशिक्षण भी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के माध्यम से दिया जाएगा।
कोरोना काल में कोरोना से संक्रमित लोगों की इलाज की समुचित व्यवस्था इस संस्कारधानी कोविड केयर सेन्टर में की गई थी,जहां से स्वस्थ होकर गए मरीजों ने यहां की सेवा भावना की सराहना भी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री शाहिद भाई के नेतृत्व में स्थापित कोविड ट्रीटमेन्ट सेंटर में जिला कांग्रेस के महामंत्री भागवत साहू सहित अन्य कांग्रेसी पदाधिकारी, समाजसेवी व उद्योगपति भी हर संभव सहायता दे रहे हैं। कोरोना की तीसरी लहर में इस कोविड ट्रीटमेंट सेंटर में कोरोना पीड़ितों को त्वरित इलाज मिलेगा। इस ट्रीटमेंट सेंटर का लोकार्पण करते हुए जिले के प्रभारी मंत्री मोहम्मद अकबर ने शाहिद भाई और उनकी टीम की सेवा भावी कार्य की सराहना भी की है।
