टूल किट मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राजनांदगांव जिले के सभी थानों का घेराव किया और अपनी गिरफ्तारी दी।
प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के आह्वान पर टूलकिट के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ता राजनांदगांव जिले के सभी थानों का घेराव करने और अपनी गिरफ्तारी देने पहुंचे। राजनांदगांव शहर कोतवाली थाने में पूर्व सांसद अभिषेक सिंह भी 5 लोगों के साथ पहुंच कर थाना परिसर का घेराव किया और परिसर में ही बैठकर अपनी गिरफ्तारी दी। इस दौरान पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने कहा कि बीते दिनों जिस तरीके से टूलकिट के मामले पर छत्तीसगढ़ सरकार ने कांग्रेस के इशारे पर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा पर बिना किसी जांच के एफआईआर किया है इससे यह साबित होता है कि यह बदलापुर की राजनीति की जा रही है, सच को बात को दबाने की राजनीति की जा रही है । पूर्व सांसद अभिषेक सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने अपने टूलकिट में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बदनाम करने की साजिश रची है।
टूल किट मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह की गिरफ्तारी की सुगबुगाहट से पहले ही भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपनी गिरफ्तारी देने शुरू कर दी है और हाथों में तख्ती लेकर जेलों को भरने का संदेश देते हुए भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर हुए एफआईआर का विरोध किया है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को लेकर राजनांदगांव एसडीएम मुकेश रावटे ने कहा कि टूल किट मुद्दे को लेकर थाना घेरने पहुंचे भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपनी गिरफ्तारी दी है।
टूल किट मुद्दे पर घमासान मचा हुआ है। कॉन्ग्रेस टूल किट बनाने को लेकर भाजपा पर आरोप लगा रही है, तो वहीं भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस पर टूल किट बनाकर देश को बदनाम करने का आरोप मढ़ रही है। दोनों राजनीतिक पार्टी के आंदोलन से भीषण गर्मी के बीच सियासी पारा गरमाया हुआ है।
