दुर्ग। खरीफ सीजन में समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को सरकार द्वारा राजीव गांधी न्याय योजना के तहत पहली किस्त का भुगतान किया गया है। जिले के 91 हजार 755 किसानों के खाते में 66 करोड़ 34 लाख 14 हजार रुपये का भुगतान किया गया है। राशि किसानों के खाते में पहुंच गई है।
खरीफ सीजन वर्ष 2020-21 में जिले के 91हजार 755 किसानों ने सहकारी समितियों के माध्यम से धान बेचा है। राज्य सरकार ने 2500 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी है। लेकिन किसानों को केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित धान के समर्थन मूल्य का ही भुगतान किया गया था।
अंतर की शेष राशि का भुगतान सरकार द्वारा राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत चार किस्तों में किया जाता है। शुक्रवार को पहली किस्त का भुगतान कर दिया गया। जिले के किसानों को राजीव गांधी न्याय योजना के तहत चार किस्तों में कुल 244 करोड़ 35 लाख 15 हजार रुपये का भुगतान होगा है लेकिन पहली किस्त के रूप में कुल 66 करोड़ 34 लाख 14 हजार रुपये का भुगतान किया गया है।
जिले के किसान इन दिनों आगामी खरीफ फसल की तैयारी में जुटे हैं। किसान न्याय योजना के तहत मिली राशि से किसानों के चेहरे में खुशी देखने को मिल रही है। किसान रविप्रकाश ताम्रकार ने बताया कि पिछले दिनों हुए बेमौसम बरसात से कई किसानों की फसल को नुकसान पहुंचा है।
लाकडाउन की वजह से भी किसानों को बाहरी काम नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में न्याय योजना की राशि से उनकी काफी राहत मिलेगी। रवेली के किसान हरिशंकर का कहना है कि न्याय योजना की पहली किस्त मिलने से उन्हें आगामी खरीफ फसल की तैयारियों को लेकर बड़ी राहत मिलेगी।
