डोंगरगांव पुलिस की टीम ने भैसों को महाराष्ट्र के कत्लखाना ले जा रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने मालवाहक में 22 भैसों को ठूंस-ठूंसकर भरा था। जिसे बरामद करने के बाद पुलिस ने गौशाला को सौंप दिया है। पुलिस ने बताया कि उन्हें रविवार को मवेशी तस्करी की सूचना मिली। इसके बाद ग्राम कुमर्दा के पास नाकेबंदी कर ट्रक क्रमांक एमपी 19 एचए 1907 को रोका गया। जांच में ट्रक के भीतर से 22 नग भैसों को बाहर निकाला गया। एमपी निवासी ट्रक चालक मोविन कुरैशी को पुलिस ने गिरफ्तार कर पूछताछ की। जिसमें उसने मवेशियों को महाराष्ट्र के कत्लखाना ले जाने की बात स्वीकारी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है।
