राजनांदगांव । कोरोना महामारी लोगों के लिए आफत बन गई है। संक्रमण की बढ़ती संख्या के चलते लोगों की आर्थिक स्थिति भी बिगड़ गई है। ऐसे संकट के समय में लोहाणा समाज शहरी क्षेत्र में संक्रमित मरीजों को निश्शुल्क भोजन उपलब्ध कराने का काम कर रही है। दोपहर के साथ समाज द्वारा रात का भोजन भी दिया जा रहा है। समाज की यह सेवा बीते गुरुवार से शुरू की गई है।
लोहाणा सेवा मंडल द्वारा किए जा रहे इस कार्य में लोहाणा महाजनवाड़ी के स्वयंसेवक पूरे नियमों का पालन करते हुए व्यवस्था को संभाल रहे हैं। बताया गया कि पहले दिन शहरी क्षेत्र के 111 संक्रमित मरीजों को भोजन भेजा गया, जबकि शुक्रवार को 216 से ज्यादा लोगों को भोजन भेजा जा चुका है। भोजन बनाते, पैक करते और इसे वितरण करते समय कोरोना से बचाव का सख्ती से पालन किया जा रहा है। भोजन तैयार करते समय शारीरिक दूरी का पालन किया जा रहा है। मास्क पहनकर भोजन तैयार किया जा रहा है। स्वच्छता और सफाई का विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस नेक कार्य में लोहाणा समाज के कई सदस्य तन मन व धन से जुटे हैं। कई लोगों ने लोहाणा समाज के पौष्टिक और स्वादिष्ट भोजन की बेहद प्रशंसा की है। उनका कहना है कि महामारी के वक्त परोपकार के इस महान कार्य को जरूरतमंद लोग कभी भूल नहीं पाएंगे। जिस वक्त घर के लोग तक दूरी बनाकर रखते हैं, उस वक्त मिले किसी के साथ को किसी भी हाल में नहीं भूला जा सकता। और भी समाज के लोगों को ऐसे नेक कार्य के लिए आगे आना चाहिए।
