राजनांदगांव। बढ़ते कोरोना संक्रमण की कमर तोड़ने आज दोपहर 12 बजे से राजनांदगांव जिले की सीमाएं सील हो जाएंगी। इसको लेकर बार्डर पर सख्ती शुरू हो गई है। शहर समेत ग्रामीण क्षेत्र में भी लाकडाउन का पहरा लग जाएगा। इस बार लाकडाउन में किराना और अनाज की दुकानें भी नहीं खुलेंगी। सब्जी बाजार भी बंद रहेगा। शराब दुकानों पर भी 19 अप्रैल तक ताला लगेगा। इसको लेकर ही लाकडाउन से एक दिन पहले बाजार में लोगों की जमकर भीड़ उमड़ी। शहर के सभी रास्तों पर जाम लगा रहा। पेट्रोल पंप में भी गाड़ियों लंबी कतार लगी रही। टोटल नौ दिनों तक जिले में लाकडाउन लागू होने के कारण लोग घरेलू राशन सहित अन्य जरूरत के सामान खरीदने की आपाधापी में लगे रहे। इसके चलते कोरोना प्रोटोकाल के सारे नियम भी भीड़ में टूट गए। दुकानों और सब्जी बाजार में इस कदर भीड़ उमड़ी कि कहीं भी शारीरिक दूरी का पालन नहीं हो पाया। कलेक्टर टीके वर्मा ने कंटेनमेंट जोन तक कोरोना संक्रमण की चैन तोड़ने के लिए सभी लोग प्रोटोकाल का सख्ती से पालन करने की अपील की है।
दुकानों में उमड़ी भीड़ शनिवार को दोपहर 12 बजे से किराना और सब्जी की दुकानें भी बंद हो जाएगी। इसको लेकर शुक्रवार को शहर के किराना दुकानों में जमकर ग्राहकी देखी गई। एक दिन पहले ही लोगों ने सप्ताहभर के लिए घरेलू सामान की खरीदारी की। सब्जी दुकानों भी शाम तक भीड़ उमड़ी रही। इसका फायदा भी सब्जी व्यापारियों ने उठाया। लाकडाउन को लेकर सब्जी बाजार में कई सब्जियों के दाम बढ़ा दिए गए। लोगों ने मजबूरी में महंगी कीमतों पर सब्जी की खरीदारी की। दूसरी ओर शराब दुकानों भी जबरदस्त भीड़ देखी गई। लाकडाउन में शराब दुकानें भी बंद रहेगी, जिसके कारण शौकीन लोगों ने एक दिन पहले ही शराब का स्टॉक कर लिया। इस वजह से शराब दुकानों में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ बनी रही।
पेट्रोल के लिए पंप में कतार लाकडाउन में आम लोगों को पंपों से पेट्रोल भी नहीं मिलेगा। कलेक्टर ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देशित भी कर दिया है। इसकी जानकारी मिलते ही शहर के लोगों की भीड़ पेट्रोल पंप पहुंच गई। सुबह से शाम तक शहर के महावीर चौक, रायपुर नाका व पुराना बस स्टैंड स्थित पेट्रोल पंप में लोगों की भीड़ रही। बाइक व मोपेड सहित चार पहिया वाहनों को पेट्रोल और डीजल डालाने लोग घंटों कतार में खड़े भी रहे। समस्या यह है कि लाकडाउन में लोगों का बेवजह बाहर घूमना भी प्रतिबंधित है। इसके बाद भी बड़ी संख्या में लोगों ने गाड़ियों की टंकियां फूल करा ली है।
सीमा पर होगी जांच लाकडाउन में जिले की सीमाएं पूरी तरह सील रहेंगी। केवल इ-पास और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को ही जिले की सीमा पर आने की अनुमति होगी। इसको लेकर बार्डर पर सख्ती शुरू कर दी गई है। जिले के महाराष्ट्र बार्डर से लगे बागनदी में कोरोना संक्रमण की जांच भी की जा रही है। यहां सख्ती के साथ जांच करने के निर्देश जारी किए गए है, ताकि बिना इ-पास के कोई भी जिले में प्रवेश ना करें। इसके अलावा बोरतलाव, कोरचाटोला-चिल्हाटी, साल्हेवारा और मानपुर से सटे जिले की सीमावर्ती क्षेत्रों में जांच शुरू करा दी गई है।
