अंबागढ़ चौकी । कोरोना के मामले हर दिन बढ़ रहे हैं। कोरोना के गंभीर मरीजों को मेडिकल कालेज अस्पताल भेजा जा रहा है। ब्लाक में संक्रमितों को रखने के लिए तीन अप्रैल को 100 बिस्तर का कोविड सेंटर खोला गया, जहां 67 कोरोना पाजिटिव हैं। मोहला विकासखंड के 26 संक्रमितों को भी चौकी के कोविड केयर सेंटर में रखा गया है। बताया जा रहा है कि अंबागढ चौकी में संचालित कोविड केयर सेंटर की क्षमता 100 सीट की है। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए माना जा रहा है कि रविवार तक सभी 100 बेड भर जाएंगे। यदि मरीजों की संख्या बढ़ी तो चौकी के मरीजों को जिला मुख्यालय रेफर किया जाएगा या होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी जाएगी।
गुरुवार को कोविड केयर सेंटर में 70 मरीज थे। एक मरीज की मौत हो गई एवं दो मरीजों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। ब्लाक मेडिकल आफिसर (बीएमओ) डा.आरआर ध्रुवे ने बताया कि संक्रमण के पहले दौर में भी यहां पर मोहला ब्लाक के मरीजों को रखा गया था। लेकिन इस बार तेजी से संक्रमण फैल रहा है। यदि मोहला ब्लाक में अलग से कोविड केयर सेंटर बनाया जाता है तो चौकी ब्लाक के संक्रमित मरीजों को यहां पर अधिक सुविधाएं मिल सकती है।ं बहरहाल एक ही स्थान पर दो ब्लाकों के संक्रमितों को कोविड केयर सेंटर में रखे जाने से व्यवस्थाएं पटरी से उतर गई हैं।
0 ग्रामीण बरत रहे लापरवाही अंबागढ़ चौकी ब्लाक में महामारी के दूसरे दौर में संक्रमण तेजी फैल रहा है। शनिवार से जिले में लाकडाउन लग रहा है, उससे पहले शुक्रवार को नगर में आज पर्व जैसा माहौल था। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लोगों की लाइन लगी हुई थी। बाजार एवं दुकानों में मेले जैसा दृश्य था। बैकों में सैकडों की भीड़ जमा थी। कहीं पर भी शारीरिक दूरी का पालन नहीं हो रहा था। मास्क के अनिवार्य प्रयोग को लेकर भी सतर्कता नहीं दिखी। इसी लापरवाही के चलते हालात हर दिन बिगड़ रहे हैं।
0 बांधाबाजार में कोरोना विस्फोट, तीन दर्जन पाजिटिव विकासखंड के ग्राम बांधाबाजार में हालत गंभीर होती जा रही है। सप्ताह भर में तीन दर्जन से अधिक पाजिटिव केस मिले हैं। हर दिन संक्रमित बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आठ अप्रैल तक 35 पाजिटिव मिले हैं। यह आंकडा पिछले एक सप्ताह का है। बांधाबाजार के अलावा ब्लाक के ग्राम धानापायली व थुहाडबरी में भी हर दिन संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
0 अस्पतालकर्मी भी कोरोना की चपेट में ब्लाक के चार स्वास्थ्य कर्मी भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। इससे स्वास्थ्य कर्मचारियों में हड़कंप है। बताया जाता है कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंबागढ़ चौकी में पदस्थ दो स्टाफ नर्स एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिल्हाटी के एक नर्स व सहायक ग्रेड तीन संक्रमित पाए गए हैं। वे आइसोलेट हो गए और उनका परिवार क्वारंटाइन हो गया।
