डोंगरगढ़ । डोंगरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कोरोना संक्रमित महिला ने स्वस्थ बच्ची का जन्म दिया। जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित है। स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक सुरक्षित डिलीवरी कराने में सफल रहे। ग्राम भोथली में 25 से अधिक कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं, जिसमें महिला भी शामिल है। बुधवार की रात महिला को लेबर पेन शुररू हुआ, जिसके बाद स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
संक्रमण के चलते नहीं मिलीं सुविधाएं कोरोना संक्रमित होने कारण महिला को सुविधाएं नहीं मिल पा रहीं थी। मितानिन भी नजदीक आने से डर रहे थे। स्वजनों को एंबुलेंस और डायल 112 की भी सुविधा नहीं मिली। निजी वाहन चालकों ने संक्रमित होने के कारण अस्पताल ले जाने से इन्कार कर दिया, जिसके बाद जिला पंचायद सदस्य प्रभा साहू मदद के लिए सामने आईं। उन्होंने फोन कर मुख्यमंत्री हाट बाजार योजना की गाड़ी को मुरमुंदा अस्पताल से बुलवाया और संक्रमित महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। बीएमओ बीपी इक्का के मार्गदर्शन में कोरोना संक्रमित महिला का प्रसव हुआ।
कोविड अस्पताल में बिजली गुल, मची अफरा-तफरी गुरुवार शाम को राजनांदगांव जिले में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। आंधी-तूफान के साथ जिले के कई हिस्सों में तेज बारिश भी हुई। बिजली की सप्लाई भी मौसम बिगड़ते ही बंद हो गया। शहर के मेडिकल कालेज कोविड अस्पताल में भी करीब 25 मिनट तक बिजली गुल रही। बिजली बंद होते ही कोविड अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। आइसीयू वार्ड से लेकर सामान्य वार्ड में भर्ती संक्रमित मरीज भी हड़बड़ा गए। बिजली आने तक अस्पताल में हड़कंप मचा रहा। खबर है कि संक्रमित मरीजों ने बिजली बंद होने के बाद अस्पताल में शोर-शराबा भी शुरू कर दिया था। हालांकि डाक्टरों ने कंट्रोल रूम से संक्रमित मरीजों को डाक्टरों ने समझाइश देकर शांत कराया। बिजली आने के बाद मरीज लोग शांत हुए।
जिले में गुरुवार देर शाम को अचानक मौसम ने करवट बदली। रात करीब आठ बजे शहरी क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ बारिश भी हुई। शहर से लगे क्षेत्रों में भी झमाझम बारिश ने मौसम में ठंडकता ला दी। शहर में करीब आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। वहीं बिजली भी करीब आधे घंटे तक बंद रही। बार-बार बिजली गुल होने से लोग परेशान भी हुए। मेडिकल कालेज कोविड अस्पताल के अलावा कोविड केयर सेंटरों में भी अंधेरा रहा। 20 से 25 मिनट तक बिजली गुल होने से संक्रमित मरीजों ने भी अस्पताल व कोविड सेंटर में शोर-शराबा किया।
