राजनांदगांव । स्वच्छता सर्वेक्षण 2021 को लेकर दिल्ली की दो सदस्यी टीम शहर पहुंच चुकी है। मंगलवार को टीम ने शहर के अलग-अलग वार्डों में जाकर सफाई व्यवस्था की जानकारी ली। वहीं वार्डवासियों से फीडबैक भी लिया। जानकारी के अनुसार स्वच्छता सर्वेक्षण दो दिनों से शहर में घूम-घूमकर सफाई व्यवस्था देखने के साथ फीडबैक भी ले रहे हैं। टीम ने कचरा प्वाइंट, सार्वजनिक शौचालय के साथ-साथ वार्डों में जाकर सफाई व्यवस्था देखी। इस दौरान नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे। टीम ने मोहल्लों और बाजार में सफाई का जायजा लिया। नईदुनिया की टीम मंगलवार को जब सर्वेक्षण टीम के सदस्यों से जानकारी ली तो उन्होंने जवाब देने से इंकार कर दिया।
संतुष्ट नजर आए अफसर शहर की सफाई व्यवस्था देख टीम के सदस्य संतुष्ट नजर आए। बता दें कि सफाईकर्मी रात भी साफ-सफाई कर रहे हैं। इसके अलावा प्रतिबंधित पालिथिन पर भी ननि की टीम कार्रवाई कर रही है। क्योंकि प्रतिबंधित पसलिथिन ही शहर की गंदगी को बढ़ता है। नालियां, खुले मैदान सहित अन्य जगहों पर लोग पालिथिन को फेंक देते हैं। इसे लेकर निगम की टीम कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को कचरा फेंकने से मना कर रही है। कचरा व अपशिष्ट पदार्थ कचरा गाड़ी में ही डालने की अपील कर रही है। सफाई की टीम शहर के अलावा जिन वार्डों में अत्यधिक गंदगी फैली है वहां प्रचार-प्रसार कर लगातार सफाई कर रही है।
शहर के कोने-कोने में चल रही सफाई स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर रैंक लाने नगर निगम की टीम जुट गई है। शहर के कोने-कोने में सफाई जारी है। इससे शहर की सफाई व्यवस्था पर काफी सुधार आया है। अब लोग गली में कचरा फेंकने के बजाए कचरा गाड़ी में कचरा दे रहे हैं। जिसके चलते अब गलियों में कचरा नहीं दिख रहा है। स्वच्छता सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन रहे इसके लिए शहर को साफ-सुथरा रखा जा रहा है।
