डोंगरगढ़ । धर्मनगरी में तेजी से कोरोना संक्रमण पैर पसार रहा है। संक्रमितों की संख्या बढ़ती जा रही है। अपेक्षा से अधिक संक्रमित मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की नींद उड़ गई है। तीन दिन में 102 से अधिक संक्रमित मरीज मिले हैं। ब्लाक के लेडीजोब में 21 संक्रमित मरीज मिलने के बाद गांव को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। प्रशासन की टीम ने कंटेनमेंट जोन में ख्ुली दुकानों को बंद कराया। एकाएक मरीजों की संख्या बढ़ने के बाद अफसरों की परेशानी बढ़ गई है। व्यवस्था संभालने भारी मशक्कत करना पड़ रहा है। स्वास्थ्य केंद्र चारभांटा में दो, मोहारा में तीन, रामाटोला में 15, कुसमी में छह, एलबी नगर में तीन, लेडीजोब में 36, कसारी में पांच, ठाकुरटोला कोलेंद्र में 17, दीवानटोला नवागांव में 87 सहित बाघनदी चेकपोस्ट में 58 लोगों का टेस्ट किया गया।
अफसरों को सौंपी गई जिम्मेदारी कंटेनमेंट जोन नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत तहसीलदार अविनाश ठाकुर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। विकासखंड स्तर पर जनपद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के कचलामे को नोडल अधिकारी बनाया गया है। मुख्य नगरपालिका अधिकारी यमन देवांगन को प्रवेश एवं निकास सहित क्षेत्र की सैनिटाइजिंग व्यवस्था व आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। खंड चिकित्सा अधिकारी डा. बीपी इक्का को स्वास्थ्य टीम को एसपीओ के अनुसार दवा मास्क, पीपीई किट उपलब्ध कराने एवं बायोमेडिकल अपशिष्ट का प्रबंधन करने की जिम्मेदारी दी गई है। महिला एवं बाल विकास कि मृदुभाषिनी उईके को घरों में एक्टिव सर्विलेंस की जिम्मेदारी दी गई है। लोक निर्माण विभाग के एसडीओ टीएस ठाकुर को प्रवेश एवं निकास के लिए बैरिकेट्स की व्यवस्था की जिम्मेदारी तथा विकास खंड शिक्षा अधिकारी एफआर कोसरिया को घरों का एक्टिव सर्विलेंस की जिम्मेदारी दी गई है। अनुविभागीय अधिकारी अविनाश भोई ने बताया की भोथली में संक्रमण तेजी से फैलने के कारण तीन दिन पहले भोथली को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया था। अब बछेराभांटा पंचायत के लेडीजोब मे 21 मरीज पाजिटिव पाए जाने के कारण लेडीजोब को नया कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। कंटेनमेंट जोन के अंतर्गत सभी दुकानें व अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। प्रभारी अधिकारी द्वारा कंटेनमेंट जोन में घर पहुंच सेवा के माध्यम से आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति उचित दर पर की जाएगी।
बिना मास्क के घूमना पड़ा महंगा डोंगरगढ़ में कोरोना संक्रमण बेकाबू होता जा रहा है। संक्रमितों की संख्या बढ़ने के बाद भी लोग लापरवाही बरत रहे हैं। जिसके चलतें नगर में संक्रमण का खतरा मंडरा रहा है। इधर नगर पालिका ने बिना मास्क के नगर में घूमने वालों पर चालानी कार्रवाई का अभियान छेड़ दिया है। बिना मास्क के घूमने वाले सात लोगों पर कार्रवाई की गई। सभी से 500-500 रुपये जुर्माना के तौर पर वसूला गया। पालिका के श्रवण गभने ने बताया कि नगर के पुराना बस स्टैंड, अछौली मार्ग सहित अन्य चौक चौराहों पर पुलिस बल के साथ पालिका की टीम ने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मास्क लगाने जन जागरण अभियान चलाया। अभियान के अंतर्गत बिना मास्क निकल रहे लोगों से शासन के दिशा दिशा निर्देश पर प्रति व्यक्ति 500 रु जुर्माना की कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पालिका अधिकारी यमन देवांगन ने बताया कि नगर में पालिका की टीम पुलिस बल के साथ कंटेनमेंट जोन में घूम-घूमकर कार्रवाई कर रही है। देवांगन ने लोगों से कोरोना गाइड लाइन का गंभीरता से पालन करने, मास्क पहनने, शारीरिक दूरी का पालन करने, सैनिटाइजर का उपयोग करने, भीड़ में जाने से बचने की अपील की है।
कोरोना वैक्सीन लगाने टीकारण केंद्र पहुंच रहे लोग डोंगरगढ़ में कोविड टीकाकरण को लेकर लोगों में उत्साह का माहौल है। केंद्र सरकार द्वारा 45 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को स्वस्पूर्त होकर टीकाकरण अभियान में भाग लेने के दिशा-निर्देश मिलते ही टीकाकरण केंद्रों में भीड़ लग रही है। कोविड गाइड लाइन का पालन करते हुए टीकाकरण किया जा रहा है। डोंगरगढ़ विकासखंड के 1535 लोगों ने टीकाकरण कराया। जिसमें 45 वर्ष से अधिक उम्र के 1019 तथा 60 वर्ष से अधिक उम्र के 511 लोग शामिल हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगढ़ में 322 लोगों ने टीकाकरण कराया। जिसमें 60 वर्ष से अधिक उम्र वाले 95 तथा 45 वर्ष से अधिक उम्र वाले 231 लोग शामिल हैं। अब तक कुल 10070 लोग टीकाकरण करा चुके हैं। एक अप्रैल को विकासखंड में 3113 लोगों ने टीकाकरण कराया आज पलानदूर में 100,अछोली में 102,पटपर में 103,लाल बहादुर नगर में 101,रामाटोला में 128, चारभाटा में 110,मुरमंदा में 100,मुसराकला में 170,मोहारा में 190 व कुसमी में 103 सहित डोंगरगढ़ में 322 को मिलाकर 1535 लोग टीकाकरण करा चुके हैं अब रफ्तार और तेजी से बढ़ेगी। कांग्रेस के वरिष्ट नेता अनिल मेश्राम ने भी टीका लगावाया। अधिवक्ताओं ने भी सेंटर पहुंचकर टीका लगवा रहे हैं। वरिष्ठ अधिवक्ता लक्ष्मी नारायण वैष्णव, जवाहर लाल विश्वकर्मा व अन्य वैक्सीनेशन सेंटर पहुंचकर टीका लगवाया। साथ ही लोगों को टीका लगवाने के लिए प्ररेत किया।
संक्रमण से बचाव के लिए कोविड टीका जरुरी कोरोना टीकाकरण को लेकर भाजपा द्वारा जन-जागरण अभियान चलाया जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को टीकाकरण का फायदा बताकर टीकाकरण के लिए प्रेरित कर रहे हैं। साथ ही स्वयं भी जाकर परिवार के सदस्यों जिनकी उम्र 45 साल 45 से अधिक है के साथ जाकर वैक्सीन लगा रहे हैं। आरएन सिंह, गोविंद चोपड़ा, पारस चोपड़ा,देवेंद्र मिश्रा, भारती मिश्रा टीकाकरण केंद्र पहुंचकर टीका लगवाया। भाजपा के मंत्री विजेंद्र सिंह ठाकुर अपनी मां अंजू सिंह, भाई जितेंद्र सिंह के साथ पहुंचकर टीका लगवाया। उन्होंने लोगों से टीका लगवाने की अपील भी की। साथ ही कोविड गाइड लाइन का गंभीरता से पालन करने, बेवजह बाहर नहीं निकलने, मास्क पहनने, भीड़ में जाने से बचने, सैनिटाइजर का उपयोग करने, शारीरिक दूरी का पालन करने, हाथों को बार-बार साबुन से धोने की अपील की। ताकि कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ा जा सकें।
