राजनांदगांव । शाम चार बजे से शहरी क्षेत्र लाकडाउन हो गया। अब सोमवार सुबह छह बजे ही इस लाकडाउन की मियाद पूरी होगी। बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए ही शहर में 14 घंटे का लाकडाउन लगाया गया है। व्यापारियों ने भी लाकडाउन का समर्थन किया है। कोरोना प्रोटोकाल का पालन करते हुए व्यापारियों ने अपनी दुकानें शाम चार बजे से पहले ही चमाचम बंद कर दी। लेकिन इससे पहले सुबह लोगों ने प्रोटोकाल की जमकर धज्जियां उड़ाई। लाकडाउन को लेकर प्रशासन ने कंटेनमेंट जोन गुड़ाखू लाइन को भी खोल दिया। इसके बाद बाजार में ग्राहकों की भीड़ उमड़ गई। किराना ही नहीं सब्जी मार्केट में भी ग्राहक टूट पड़े। शाम चार बजे तक सब्जी बाजार में लोगों की भीड़ जुटी रही। गंभीर बात यह है कि बाजार में अभी भी कोरोना का डर लोगों में दिख नहीं रहा है। कई लोग बाजार की भीड़ में आज भी मास्क को मुंह और नाक के नीचे लगाकर औपचारिकता निभा रहे हैं, जो कोरोना को निमंत्रण दे सकता है। व्यापारिक केंद्रों में भी इस तरह की लापरवाही नजर आ रही है। जबकि हर रोज जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लोगों को कोरोना प्रोटोकाल का पालन करने की समझाइश दे रहे हैं। इसके बाद भी लोगों में जागरूकता की कमी शहर में भारी पड़ सकती है।
कोरोना का डर, फिर भी छंट नहीं रही भीड़ शहरी क्षेत्र में ही 14 सौ से अधिक कोरोना के सक्रिय मरीज है। वहीं एक दिन पहले ही शहर के चार लोगों की कोरोना से मौत हुई थी। इसको लेकर शहर में कोरोना का डर तो हैं, लेकिन संक्रमण की दहशत के बाद भी लोग भीड़ में शारीरिक दूरी का पालन नहीं कर रहे हैं। रविवार को बाजार का नजारा ऐसा ही था। शाम चार बजे से लाकडाउन होने के कारण इससे पहले दुकानों में लोगों ने शारीरिक दूरी का पालन नहीं किया। किराना व सब्जी मार्केट में भीड़ बनी रही।
खुला गुड़ाखू लाइन का कंटेनमेंट शहर के गुड़ाखू लाइन में दो सौ मीटर एरिया को कंटेनमेंट जोन बनाकर सील किया गया था। सरदार अनाज दुकान से गोलबाजार स्थित मस्जिद तक बेरिकेट्स लगा था, जिसे रविवार को प्रशासन ने हटवा दिया है। बेरिकेट्स के हटते ही यहां बंद दुकानें धड़ाधड़ खुल गई। गंभीर बात तो यह है कि दुकानों के खुलते ही यहां ग्राहकों की भीड़ भी लग गई। कई दुकानों में शारीरिक दूरी का जरा भी पालन नहीं हुआ। यही नहीं कुछ दुकानों में कार्यरत कर्मचारी बिना मास्क के भी दिखे। इसको लेकर नगर निगम की टीम ने बाजार का भ्रमण कर व्यापारियों को कोरोना प्रोटोकाल का सख्ती से पालन करने के समझाइश दी है।
गांवों में भी बढ़ी लाकडाउन की चर्चा शहरी क्षेत्र में लाकडाउन लागू होने के बाद अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसकी चर्चा शुरू हो गई है। गांवों में कोरोना की दहशत भी बढ़ी हुई है। डोंगरगढ़, खैरागढ़, छुईखदान व अन्य ब्लॉकों में संक्रमण की रफ्तार बढ़ने से माहौल बिगड़ने लगा है। दिक्कत तो यह भी है कि ग्रामीण क्षेत्रों में वैक्सीन का संकट होने लगा है। इसको लेकर भी अंचल में लाकडाउन होने की अफवाह बढ़ गई है। एक दिन पहले ही अंबागढ़ चौकी व खैरागढ़ ब्लॉक में वैक्सीन खत्म होने को लेकर लोगों ने जमकर हंगामा भी किया था। रविवार को भी जिले के कुछ सेंटरों में वैक्सीन की कमी रही। इधर शहरी क्षेत्र से लगे गांवों में पुलिस ने पहरा भी बढ़ा दिया है। नाइट कर्फ्यू को लेकर पुलिस रात नौ बजते ही दुकानों को बंद करा रहे हैं।
दूर होगी दिक्कत, आज आएंगे 40 हजार टीके राजनांदगांव जिले में अभी तक एक लाख दस हजार लोगों को कोरोना का टीका लग चुका है। जिले अभी 25 हजार डोज स्टाक में है। हालांकि जिले के कुछ ब्लाकों में कोरोना वैक्सीन का संकट होने लगा है। जिला टीकाकरण अधिकारी डा. बीएल कुमरे ने बताया कि सोमवार को जिले के लिए 40 हजार डोज आ रहे हैं। इसके बाद संकट नहीं होगी। उन्होंने कहा कि अंबागढ़ चौकी और खैरागढ़ के सेंटरों में वैक्सीन कम हो गया था। इसकी सूचना के बाद तत्काल वैक्सीन उपलब्ध करा दिया गया है। डा. कुमरे ने कहा कि मंगलवार को भी वैक्सीन आना है। करीब 25 हजार वैक्सीन मंगलवार को भी आएगी। जिले में रोजाना आठ से नौ हजार लोगों को टीका लग रहा है। हेल्थ केयर वर्कर को पहला डोज 18740, हेल्थ केयर वर्कर को दूसरा खुराक 14695, फ्रंटलाइन वर्कर को पहला खुराक 13973, फ्रंटलाइन वर्कर दूसरा खुराक 8954 और 45 वर्ष के उम्र से अधिक लोगों का 82 हजार 145 वैक्सीनेशन गया है।
