राजनांदगांव । शहर का सबसे बड़ा व्यापारिक केंद्र गुड़ाखू लाइन कोरोना की वजह से कंटेनमेंट जोन बन गया है। पाजिटिव मरीजों की पहचान होने के बाद यहां की दुकानें बंद करा दी गई हैं, फिर भी कई व्यापारी प्रशासन की नजरों से बचकर दुकानों का संचालन कर रहे हैं। ऐसे ही कुछ व्यापारियों की मनमानी गुरुवार को भी जारी थी, जिसकी शिकायत मिलते ही नगर निगम की टीम गुड़ाखू लाइन पहुंची। टीम ने कंटेनमेंट जोन गुड़ाखू लाइन में खुली दुकानों पर कार्रवाई करते हुए पांच दुकानों को सील किया। वहीं बीते बुधवार की रात नौ बजे के बाद मानव मंदिर चौक पर के पास घूमने वाले दस लोगों से निगम ने 4800 रुपये का अर्थदंड वसूल किया। निगम के उपायुक्त सुदेश सिंह ने बताया कि रात में नाइट कर्फ्यू लागू है। इसके बाद भी लोग बेवजह घरों से बाहर निकलकर घूम रहे थे। मानव मंदिर चौक के पास निगम की टीम ने बिना कारण घूमने वाले दस लोगों से अर्थदंड वसूल किया, वहीं लोगों समझाइश भी दी कि नाइट कर्फ्यू के दौरान रात नौ बजे के बाद बेवजह घरों के बाहर नहीं घूमना है।
00 कंटेनमेंट की ये दुकानें की गईं सील गुरुवार को गुड़ाखू लाइन की कमरूद्दीन किराना, सुनील फूट वेयर, हरिओम अनाज भंडार, दिनेश ब्रदर्स कपड़ा दुकान और हरीश कपड़ा दुकान को निगम की टीम ने सील किया। नगर निगम आयुक्त डा. आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा कि जिले के साथ शहरी क्षेत्र में भी कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। इससे बचाव और संक्रमण की रोकथाम के लिए हम सभी को सावधानी बरतनी होगी।
00 शारीरिक दूरी का कराएं पालन नगर निगम आयुक्त ने कहा कि दुकानों के अलावा ठेला-खोमचा, पसरा व अन्य गुमटियों में भी शारीरिक दूरी का पालन कराया जाए। ग्राहकों को मास्क लगाने पर ही सामान दें। दुकानदार भी मास्क लगाएं। ठेलों के पास मुंह धोना, थूकना व किसी भी तरह की गंदगी फैलाना प्रतिबंधित है। सार्वजनिक जगहों पर शराब, पान-गुटखा व तंबाकू का उपयोग करना भी प्रतिबंध है। ऐसा करते पाए जाने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
