अंबागढ़ चौकी । कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। गांव-गांव से संक्रमित मरीज निकल रहे हैं। संक्रमितों की संख्या बढ़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग की परेशानी बढ़ गई है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने वैक्सीनेशन सेंटर की संख्या बढ़ा दी है। ब्लाक में आठ के स्थान पर 16 स्थानों पर वैक्सीनेशन किया जा रहा है। वैक्सीनेशन की प्रकिया तेज हो गई है। ब्लाक में पहले सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में ही टीका लगाया जा रहा था, लेकिन अब उपस्वास्थय केंद्रों में भी टीकाकरण का दौर शुरू हो गया है। संक्रमण का फैलाव इतनी तेज हो गई है कि कस्बों व नगरों में ही नहीं, छोटे-छोटे गांवों में संक्रमित मिल रहे हैं। इससे प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है।
कोरोना संक्रमण का दूसरा दौर पहले से कहीं अधिक घातक साबित हो रहा है। रोज संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। सप्ताह भर में ब्लाक में कोरोना संक्रमितों की संख्या दो दर्जन से पार हो गई है। बीमएओ डा.आरआर ध्रुवे ने बताया की पिछले सात दिनों में मोहगांव चिल्हाटी, कौडीकसा, घोटुलमुंडा, बिहरीकला, थुहाडबरी, गोर्राटोला, आतरगांव, जोरातराई में संक्रमित सामने आए हैं।
0 बांधाबाजार में कोरोना विस्फोट विकासखंड के ग्राम बांधाबााजर में कोरोना विस्फोट हो गया है। यहां हर दिन संक्रमित मिल रहे हैं। बीते सप्प्ताह इस छोटे से गांव में आठ संक्रमित मिले। प्रशासन ने बांधाबाजार के वार्ड 10 को कटेनमेंट जोन बना दिया है। बीएमओ डा. ध्रुवे ने बताया कि बांधाबाजार में सबसे अधिक केस वार्ड 10 से ही निकल रहे हैं। इसके अलावा अंबागढ चौकी नगर में भी दूसरे दौर की शुरुआत हो गई है। यहां अब तक केवल एक ही केस सामने आया है, टेस्ट कराया जाए तो संक्रमितों की संख्या बढ़ सकती है।
0 तीन महीने में आठ हजार का टीकाकरण कोरोना वैक्सीनेशन की शुरुआत 25 जनवरी से हुई। सबसे पहले स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी कर्मचारियों एवं फ्रंट लाइन वर्करों का टीकाकरण हुआ है। इसके बाद 60 प्लस आयु के लोगों का टीकाकरण हुआ। जानकारी के अनुसार बीते तीन माह में ब्लाक में मात्र आठ हजार लोगों का टीकाकरण हुआ है। इनमें फ्रंटलाइन वर्करों की संख्या डेढ़ हजार से अधिक है। बीएमओ के अनुसार ब्लाक में कुल 8282 लोगों को टीका लगाया गया है। पहले डोज से 6750 एवं दूसरे डोज में 1450 लोगों का टीकाकरण हुआ है।
0 उप स्वास्थ्य केंद्रों में टीकाकरण शुरू कोरोना वैक्सीनेशन की शुरुआत सबसे पहले ब्लाक मुख्यालय में हुई। इसके बाद विकासखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिल्हाटी, जादूटोला, बांधाबाजार, कौड़ीकसा, माहुद मंचादुर में टीकाकरण प्रारंभ किया गया। अब कोरोना की बढ़ती रफ्तार को देखते हुए ब्लाक के सभी उप स्वास्थ्य केन्द्र आडेझार, आमाटोला, सिंघाभेडी, चिखली, अरजकुंण्ड, भगवानटोला, थुहाडबरी, मुडपार, मोंगरा व परसाटोला में गुरुवार से टीकाकरण शुरू हो गया।
