छुरिया । राजस्व कार्यों में लापरवाही बरतने वाले पटवारियों की खैर नहीं है। लंबे समय से पटवारियों के खिलाफ मिल रही शिकायतों के बाद क्षेत्रीय विधायक छन्नाी साहू ने जनपद पंचायत में राजस्व विभाग की बैठक लेकर पटवारियों को जमकर फटकार लगाई। विधायक ने दोटूक कहा कि राजस्व कार्यों में लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसानों को परेशान करने की शिकायत मिली तो सीधे संबंधित पटवारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विधायक के सख्त तेवर से राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है। बता दें कि कुछ दिनों पहले ही विधायक छन्नाी ने तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया था तब कई खामियां मिलीं थी। बैठक में ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष रितेश जैन, अनुविभागीय अधिकारी डोंगरगांव हितेश पिस्दा, तहसीलदार शिव कंवर, आरआइ समेत 57 हल्कों के पटवारी मौजूद रहे।
आनलाइन रिकार्ड दुरुस्त करने की नसीहत विधायक ने राजस्व विभाग के अमले को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, बटांकन, आनलाइन रिकार्ड दुरुस्तीकरण के प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण करें। इन मामलों में कृषकों से किसी प्रकार का शिकायत प्राप्त नहीं होनी चाहिए। साथ-साथ ही सिटीजन चार्ट के तहत नामांतरण, बंटवारा का निर्धारित शुल्क का रेट लिस्ट अपने-अपने हल्कों में चस्पा करने को निर्देशित किया। इसके अलावा प्रत्येक सोमवार एवं मंगलवार को सभी पटवारियों को मुख्यालय में रहकर राजस्व संबंधित कार्यों को संपादित करने को भी कहा गया। किसानों एवं आमजनों से सौहार्दपूर्ण व्यवहार करते हुए उनका कार्य निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
किसानों को बेवजह परेशान न करें वनांचल क्षेत्र के पटवारी, जिसकी शिकायत लगातार किसानों से मिल रही थी इस पर विधायक ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा किसानों की समस्याओं का निराकरण करने के बजाय उन्हें बेवजह प्रताड़ित करना बंद करें। किसानों से सतत संपर्क कर उनकी समस्याओं का समाधान करते हुए अपने हल्का मुख्यालय में रहने को निर्देशित किया।
पटवारी के 18 पद रिक्त राजस्व विभाग की बैठक में उपस्थित पटवारियों ने भी विधायक के समक्ष अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए कहा कि 57 हल्के में 39 पटवारी ही कार्यरत हैं। 18 पद रिक्त हैं, इस वजह से कई पटवारियों को दो-दो हल्के का प्रभार मिला हुआ है। इससे उन्हें राजस्व से संबंधित कार्यों को करने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं आरआइ के नौ पदों में से पांच कार्यरत हैं, चार पद रिक्त हैं। इस पर विधायक ने उन्हें आश्वस्त किया कि शीघ्र ही शासन को अवगत कराते हुए रिक्त पदों की पूर्ति की जाएगी, ताकि क्षेत्र में राजस्व संबंधित कार्यों का समय सीमा में निपटारा हो सके।
