राजनांदगांव । निगम क्षेत्र में गर्मी के समय अधिकतर वार्डों में पेयजल की समस्या देखने को मिलती है। लोगो को एक-एक बाल्टी पानी के लिए जूझना पड़ता है। निगम क्षेत्र के लखोली वार्ड नं 36 के पार्षद प्रतिनिधि आशीष डोंगरे के नेतृत्व में रहवासियों ने पानी की विकराल समस्या को लेकर आयुक्त के नाम कार्यपालन अभियंता नगर निगम को ज्ञापन सौंपा।
आशीष डोंगरे का कहना है कि लखोली में अभी से पानी का संकट गहरा गया है, जबकि ठीक से गर्मी शुरू नहीं हो पाई है। वार्ड के सेठी नगर, संजय नगर व दुर्गा चौक आदि में 15 दिनों से समस्या है। इन इलाकों में नल में ठीक से पानी नहीं आ रहा है। कुछ मिनट ही नल चलता है, जिससे जरूरत के मुताबिक पानी नहीं मिल पाता। लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। लगभग पूरे वार्ड में इसी तरह पानी की समस्या बनी हुई है। कुछ स्थान तो ऐसे हैं, जहां पानी ही नहीं जा पा रहा है। अधिकतर स्थानों पर जब नल सुबह-शाम खुलता है, तो मात्र 10 मिनट चलता है। जरूरत के मुताबिक पानी नहीं मिलने से वार्डवासियों में आक्रोश है। लोगों ने कहा कि समस्या का जल्द से जल्द निराकरण नहीं होने पर वार्डवासी सड़कजाम करेंगे, जिसकी जवाबदारी नगर निगम और प्रशासन की होगी ।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्षद आशीष डोंगरे के साथ नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु, पार्षद पारस वर्मा, अशोक मानकर, राकेश रजक, पप्पू श्रीवास, गोलू श्रीवास, अदितीय वासनिक, गोलू सिन्हा, भरत साहू, मुकेश बघेल, कमल यादव सहित लखोली वार्ड क्रमांक 36 के रहवासी मुख्य रूप से उपस्थित थे। पार्षद प्रतिनिधि डोंगरे का कहना है कि वार्डवासियों को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा है। समस्या जल्द नहीं सुधरी तो वार्डवासियों के साथ नगर पालिक निगम में मटका फोड़कर अंदोलन किया जाएगा ।
