राजनांदगांव ।डोंगरगढ़ स्थित जैन तीर्थ स्थल चंद्रगिरी में आर्ट ऑफ लिविंग संस्था का मौन व ध्यान शिविर शुरू होने से पहले स्थगित हो गया। शिविर में रायपुर-सिमगा, दुर्ग व राजनांदगांव से पहुंचे 34 सदस्यों में सात लोग कोरोना पाजिटिव मिले हैं। संस्था ने चंद्रगिरी में ध्यान शिविर के लिए प्रशासन से अनुमति मांगी थी, जिस पर प्रशासन ने शिविर से पहले मेडिकल टीम भेजकर वहां पहुंचे सदस्यों की कोरोना जांच की। इसमें सात पाजिटिव केस मिलने से शिविर में हड़कंप मच गया। जिसके बाद प्रशासन ने शिविर को निरस्त कर दिया। बताया गया कि शिविर 25 मार्च से 28 मार्च तक होना था, जिसमें शामिल होने सिमगा, रायपुर व दुर्ग के अलावा राजनांदगांव जिले के सदस्य पहुंचे थे। डोंगरगढ़ एसडीएम अविनाश भोई ने शिविर स्थल पर मिले संक्रमितों को मेडिकल कालेज कोविड अस्पताल शिफ्ट कर दिया है। वहीं लोगों को समझाइश दी है कि धारा 144 लागू होने तक कोई भी सार्वजनिक या सामाजिक आयोजन ना करें। इसकी प्रशासनिक अनुमति नहीं दी जाएगी। शिविर में मिले संक्रमितों के बाद चंद्रगिरी के पदाधिकारियों में भी हड़कंप की स्थिति है। मेडिकल टीम अब पाजिटिव मरीजों की कांटेक्ट हिस्ट्री खंगालने में जुट गई है। सीएमएचओ डा. मिथलेश चौधरी ने संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों को कोरोना जांच कराने की सलाह दी है।
पद्मश्री फूलबासन ने लगवाई कोरोना वैक्सीन
कोरोना वायरस वैक्सीनेशन का दूसरा चरण चल रहा है। पद्मश्री फूलबासन यादव उदयाचल पहुंचकर कोरोना वैक्सीन का पहला डोज लगवाया। उन्होंने उदयाचल के वैक्सीनेशन व्यवस्था की सराहना की। साथ ही लोगों को वैक्सीन लगवाने आगे आने की अपील की। इस दौरान पद्मश्री डा. पुखराज बाफना, संरक्षक उत्तम चंद जैन, अध्यक्ष प्रकाश श्रीश्रीमाल, कोषाध्यक्ष अशोक मोदी, उपाध्यक्ष राजेंद्र बाफना, उदयाचल की प्रबंधक सुनीता शुक्ला, सहकर्मी नम्रता तिवारी, पूजा वैष्णव, सती साहू, मधु गुप्ता, रानू साहू व अन्य मौजूद रहे।
