डोंगरगढ़।धर्मनगरी दंतेश्वरी पारा वार्ड दो निवासी अविनाश रामटेके की हत्या का मामला दूसरे दिन भी सुलझ नहीं पाया है। हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। डोंगरगढ़ पुलिस ने गुरुवार को तीन से चार संदेहियों को उठाया और उनसे पूछताछ की। लेकिन पुलिस के हाथ कोई भी सुराग नहीं लगा। पुलिस मृतक अविनाश के मोबाइल फोन पर आए काल की डिटेल भी खंगाल रही है, जिसकी रिपोर्ट नहीं मिली है। डोंगरगढ़ टीआइ अलेक्जेंडर किरो ने कहा कि पूछताछ जारी है। हर एंगल में हत्या मामले की जांच कर रहे है। जल्द ही पुलिस आरोपित को गिरफ्तार कर लेगी। इधर हत्या के दूसरे दिन गुरुवार को जिला भाजपा अध्यक्ष मधुसूदन यादव, जिला अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष खुमान देशलहरे व डोंगरगढ़ मंडल अध्यक्ष अमित जैन के साथ अविनाश के स्वजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। इसके बाद जिला भाजपाध्यक्ष मधुसूदन ने सामाजिक पदाधिकारी और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एसडीओपी चंद्रेश ठाकुर से मिले। इस दौरान भाजपा ने एसडीओपी को ज्ञापन दिया, जिसमें भाजपा ने अविनाश के परिवार को दस लाख रूपये का मुआवजा देने की मांग की, वहीं हत्या के आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। जिस पर एसडीओपी चंद्रेश ठाकुर ने 24 घंटे के भीतर हत्या के आरोपितों को गिरफ्तार कर लेने का भरोसा जताया है।
मुरमुंदा नहर के पास मिला था शव डोंगरगढ़ में रहने वाले अविनाश रामटेके का शव बुधवार सुबह मुरमुंदा नहर के पास झाड़ियों के बीच मिला था। बताया गया कि अविनाश मंगलवार की शाम घर से मोबाइल पर बाते करते हुए निकाला था। इस कारण स्वजनों को उसने कुछ भी नहीं बताया। देर रात जब वो घर नहीं लौटा तब स्वजनों ने उसके मोबाइल पर फोन किया। पर फोन भी बंद हो गया था। आधी रात के बाद घरवालों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने सुबह डोंगरगढ़ से सात किमी दूर ग्राम मुरमुंदा में सड़क किनारे नहर की झाड़ियों में शव को देखा। अविनाश की कार भी घटनास्थल के पास ाखड़ी। मौके पर पुलिस ने चाकू व अन्य धारदार हथियार और बीयर की बोतल बरामद की है।
जल्द आरोपित को गिरफ्तार करें भाजपा जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव ने एसडीओपी चंद्रेश ठाकुर को ज्ञापन देकर निष्पक्ष जांच कर आरोपित को जल्द ही गिरफ्तार करने की मांग की है। यादव अविनाश के घर भी गए थे। जहां उन्होंने अनिवाश के स्वजनों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नाम ज्ञापन देकर भाजपा ने दोषियों के पकड़े जाने के बाद उन्हें सख्त कार्रवाई करने की मांग भी रखी है। इस दौरान जिला भाजपा के मंत्री विजेंद्र सिंह ठाकुर, मीडिया प्रभारी कमल सोनी, रविंद्र रामटेके, अमित जैन, रमन डोंगरे, अमित छाबड़ा, हरीश मोटघरे, राजेश गजभिए, राकेश अग्रवाल, डीकेश राव, विनीत यादव, वीरेंद्र सोनी, लक्ष्मी यादव, सविता दरगढ, वीरेंद्र साहू, बलविंदर सिंह भाटिया सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
