राजनांदगांव । जिले में कोरोना का संक्रमण शहरी क्षेत्र से होकर गांवों में पहुंच गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजाना कोरोना का विस्फोट हो रहा है। वहीं शहरी इलाके में भी संक्रमण की रफ्तार रोज बढ़ रही है। रविवार को जिले में 27 नए संक्रमित मिले। इनमें से 22 शहर के हैं और पांच मरीज अन्य ब्लाकों के।
एक दिन पहले की अपेक्षा रविवार को नए संक्रमितों की संख्या घटने पर भले ही स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली, लेकिन दर्जनों संदिग्धों की रिपोर्ट रविवार होने की वजह से नहीं आई। रिपोर्ट आने पर सोमवार को फिर संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ सकता है। कोरोना की दोबारा वापसी शहर की पॉश कालोनियों में हुई है। यानी कोरोना वीआइपी लोगों से शुरू होकर अब ग्रामीणों तक पहुंच गया है। संक्रमण के बढ़ते कहर को देख ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
शहर में यहां मिले संक्रमित : रविवार को शहर में 22 नए संक्रमित मिले। शहर के बांसपाइ पारा में तीन, मुदलियार कालोनी व जीएमसीएच में दो-दो और गंज लाइन, लालबाग, चंद्रा कालोनी, स्टेशन पारा, चौखड़िया पारा, लखोली, रायपुर नाका, कौरिनभाठा, तुलसीपुर, शांति नगर, पेंड्री, सृष्टि कालोनी, जनता कालोनी, जमात पारा व अन्य क्षेत्र में एक-एक पाजिटिव मरीज सामने आए। जिले के डोंगरगढ़ ब्लाक में तीन व खैरागढ़ और मोहला में एक-एक मरीज मिले। जिले में अब कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 20731 हो गई है। हालांकि 20241 लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 199 लोगों की कोरोना से जान जा चुकी है। वर्तमान में 291 सक्रिय संक्रमित हैं। इनमें से 217 होम आइसोलेशन में हैं। वहीं, 38 संक्रमितों का इलाज पेंड्री स्थित कोविड अस्पताल में चल रहा है। आठ संक्रमित दुर्ग-भिलाई व रायपुर के अस्पताल में भर्ती हैं।
