राजनांदगांव । राजनांदगांव मेडिकल अस्पताल में मरीजों की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। सीटी स्कैन मशीन एक बार फिर खराब हो गई है । पांच दिनों से यहां जांच के लिए मरीजों को दिक्कत हो रही है।
मरीजों का कहना है कि यह आए दिन यह होती रहती है। इसकी शिकायत कई बार अस्पताल प्रबंधन से की गई, फिर भी कोई ध्यान नहीं दिया जाता। जिला मेडिकल अस्पताल में करीब 10 साल पहले लोगों की सुविधा के लिए शासन द्वारा 25,00,000 रुपये की लागत से सीटी स्कैन मशीन की खरीदी की गई। मशीन आए दिन खराब होती रहती है । अब फिर मशीन में तकनीकी दिक्कत आ गई है। इससे मरीजों की जांच ठप पड़ गई है। अस्पताल में मात्र 900 रुपये में होने वाली जांच के लिए मरीजों को बाहर जाकर 3000 से 4000 रुपये देने पड़ रहे हैं। बताया गया है कि इंजीनियर ने इस मशीन को बनवाने की जगह नई मशीन खरीदने की सलाह दे चुके हैं।
प्रमोद साहू मरीज
सीटी स्कैन कराने के लिए मैं दो दिनों से अस्पताल का चक्कर काट रहा हूं, रंतु एक ही जवाब मिलता है कि मशीन को जल्द ठीक कर लिया जाएगा ।
अनिल यादव मरीज
मेरे सिर का सीटी स्कैन करना था। मजबूरी में बाहर जाकर अधिक पैसे देकर करना पड़ा। यह तो हर समय का रोना है, जब देखो तब यहां की मशीन खराब रहती है। इसे जल्द सुधारना जरूरी है, ताकि अन्य लोगो को तकलीफ न हो ।
वर्जन
मशीन खराब होने से समस्या आ रही है। इसे जल्द सुधार कर लिया जाएगा, ताकि मरीजों को तकलीफ न हो। -डा. प्रदीप बैग, अधीक्षक अस्पताल राजनांदगांव
