राजनांदगांव। स्टेट हाई स्कूल के मैदान में यूनिटी क्लब एंड कैडेट क्लब के संयुक्त तत्वावधान में अखिल भारतीय रात्रिकालिन टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ डोंगरगांव विधायक एवं छग राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष दलेश्वर साहू ने फीता काटकर किया। इस दौरान राजगामी संपदा न्यास के अध्यक्ष विवेक वासनिक, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा, वार्ड 16 के पार्षद विनय झा, पूर्व पार्षद एवं साइंस कालेज के जनभागीदारी समिति अध्यक्ष प्रज्ञा गुप्ता उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का पहला मैच लक्ष्य इलेवन विरूद्ध राफेल इलेवन के बीच खेला गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दलेश्वर साहू ने कहा कि खेल सर्वांगीण विकास करते हुए शारीरिक एवं मानसिक विकास में अहम भूमिका निभाता है। क्रिकेट ही नहीं बल्कि किसी भी प्रकार के खेल से स्वास्थ्य और उत्साह तो बढ़ता ही है। साथ ही स्वस्थ प्रतियोगिता की भावना का भी विकास होता है। क्रिकेट के खेल से इसके साथ-साथ आपसी एकता तथा भाईचारा का विकास भी होता है।
खेल के क्षेत्र में बना सकते हैं भविष्य
राजगामी संपदा न्यास के अध्यक्ष विवेक वासनिक ने कहा कि क्रिकेट सभी का बहुत पसंदीदा और प्रसिद्ध खेल है। इसे हर उम्र के लोग पसंद करते हैं और ये बहुत रोचक तथा असंभवनाओं से भरा हुआ खेल है। इसकी कोई सटीक भविष्यवाणी नहीं है, कि कौन सी टीम जीत जाएगी। अंतिम समय में कोई भी टीम जीत सकती है। इसी कारण यह खेल और भी ज्यादा रोमांचक हो जाता है, जो सभी लोगों का उत्साह बढ़ाने का कार्य करता है। लोगों की अपनी पसंदीदा टीम होती है जिसे वो जीतते देखना चाहते हैं और लोग मैच तब तक देखते हैं जब तक कि खेल खत्म न हो जाए और उन्हें कोई परिणाम प्राप्त न हो जाए। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलबीर ने कहा कि युवा इस खेल से बहुत प्रभावित रहते हैं और लगभग हर कोई एक अच्छा क्रिकेटर बनना चाहता है। क्रिकेट भले ही भारत का खेल न रहा हो लेकिन फिर भी इसे आज हमारे देश में पूरी खुशी और उत्साह से खेला जाता है। कार्यक्रम को पार्षद पार्षद विनय झा एवं पूर्व पार्षद एवं साइंस कालेज के जनभागीदारी समिति अध्यक्ष प्रज्ञा गुप्ता ने भी संबोधित किया। इस दौरान समिति के अमित चंद्रवंशी, राहुल देवांगन अपनी पूरी टीम के साथ उपस्थित रहे।
