राजनांदगांव । हाकी की नर्सरी के रूप में पूरे देश में अलग पहचान रखने वाले शहर में शनिवार से टेनिस बाल क्रिकेट का रोमांच देखने को मिलेगा। स्टेट स्कूल मैदान में दुधिया रोशनी में अखिल भारतीय स्तर का यह टूर्नामेंट अब तक की सबसे बड़ी इनामी राशि वाला होगा। विजेता टीम को दो लाख रुपये व ट्राफी दिया जाएगा। पहला मुकाबला रात आठ बजे राफेल इलेवन व लक्ष्य इलेवन के मध्य खेला जाएगा।
शहर में बड़ी संख्या में हाकी के प्रेमी हैं। किसी भी स्तर के आयोजन में अच्छी-खासी भीड़ जुटती है। इस बार अखिल भारतीय स्तर पर होने वाली हाकी प्रतियोगिता अब तक अधर में ही है। इस बीच क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। इसमें छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, झारखंड व ओडिशा की नामी क्बल टीमें हिस्सा लेंगी।
दलेश्वर साहू करेंगे उद्घाटन :प्रतियोगिता का उद्घाटन रात आठ बजे डोंगरगांव के विधायक व छत्तीसगढ़ राज्य पिछड़ा वर्ग विकास विभाग के अध्यक्ष दलेश्वर साहू करेंगे। अतिथि के रूप में राजगामी संपदा न्यास समिति के अध्यक्ष विवेक वासनिक, शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा, पार्षद विनय झा व महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव प्रज्ञा गुप्ता भी आमंत्रित हैं।
हर दिन दो-दो मैच टूर्नामेंट का आयोजन यूविटी क्लब व कैडेट क्लब द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है। आयोजन समिति के राहुल देवांगन व अमित चंद्रवंशी ने बताया कि उद्घाटन के दिन यानी शनिवार को दो स्थानीय टीमों के बीच एकमात्र मुकाबला देखने को मिलेगा। उसके बाद हर रात दो-दो मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के लिए सारी जरूरी तैयारी कर ली गई है।
