राजनांदगांव । शहर में बढ़ते अपराध, खासकर चोरी पर नकेल कसने व चोरों पर नजर बनाए रखने के उद्देश्य से शक्ति गृह निर्माण सहकारी समिति ने शक्ति नगर में सीसीटीवी कैमरे लगा दिए हैं। सुरक्षा को लेकर कालोनी के लोग भी जागरूक हो चुके हैं। शक्ति नगर के सभी रास्तों पर सीसीटीवी कैमरे लगाकर हर आने-जाने वाले पर नजर रखी जा रही है। करीब 100 कैमरे लगाए गए हैं।
बताया गया कि शहर में लगातार हो रही चोरी, छेड़खानी जैसी घटनाओं पर नजर रखने व किसी भी घटना के बाद आरोपितों की पहचान में पुलिस की मदद करने के उद्देश्य से ही
पूरी कालोनी के प्रत्येक रास्ते पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं। सीसीटीवी कैमरे लगने से कालोनी के रहवासियों ने राहत की सांस ली है।
बैंक समेत कई संस्थान : यह कालोनी नेशनल हाईवे के बिल्कुल किनारे है। इस कारण बैंक समेत कई संस्थाएं हैं। साथ ही बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठान भी इस कालोनी में हैं। इसके अलावा वर्धान नगर जैसी पाश कालोनी भी पास में ही है। ऐसे में यहां निगरानी अति आवश्यक है, जिसके लिए कैमरे लगाए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने की सराहना : शक्ति नगर गृह निर्माण समिति की कार्यकारिणी की इस पहल की कालोनी के रहवासियों सहित पुलिस प्रशासन के आला अधिकारियों ने भी तारीफ की। समिति के अध्यक्ष राहुल कौशिक ने बताया कि कालोनीवासियों की सुरक्षा व अपराध की रोकथाम में यह प्रभावी कदम साबित होगा।
पूर्ण रूप से सुरक्षित हो गई गौरतलब है कि कालोनी में लगभग 100 से अधिक मकान हैं, जिनकी सुरक्षा को लेकर हमेशा चिंता बनी रहती थी। शहर से बाहर होने के कारण जीई रोड स्थित इस कालोनी के आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा भी रहता है। साथ ही चोरों के लिए मनमाफिक स्थान हो सकता है। शक्ति गृह निर्माण समिति के सदस्यों व कालोनी के रहवासियों की सहमति से पूरी कालोनी में सीसीटीवी कैमरे लग जाने से पूर्ण रूप से सुरक्षित हो गई है।
