खैरागढ़ । विधानसभा के अंतिम छोर पर बसे शिवधाम शेरगढ़ में महाशिवरात्रि के अवसर पर छग शासन के कैबिनेट मंत्रीद्वय रविंद्र चौबे व कवासी लखमा पहुंचे। यहां लगभग डेढ़ सौ वर्ष प्राचीन स्वयंभू शिव लिंग हैं। उन्होंने उद्बोधन में केंद्र सरकार व भाजपा की जमकर खिंचाई की। मंत्रीद्वय के बड़े सियासी बयान से यहां महाशिवरात्रि में राजनीति की गरमाहट देखने को मिली।
कृषि व जल संसाधन मंत्री रविंद्र चौबे ने कहाकि केंद्र की मोदी सरकार देश की पहली ऐसी सरकार है, जो किसान विरोधी साबित हो चुकी है। उन्होंने हाल ही में मुख्यमंत्री के साथ अपने दिल्ली प्रवास की जानकारी साझा करते हुए कहा कि मोदी के केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने साफ कह दिया है कि वह छत्तीसगढ़ का चावल नहीं लेंगे। मंत्री चौबे ने लोगों से सवाल पूछा कि जब केंद्र सरकार छत्तीसगढ़ का कोयला, लोहा, सीमेंट और बिजली ले सकती है तो धान और चावल क्यों नहीं खरीद सकती। उन्होंने बताया कि जब से छत्तीसगढ़ से रमन सरकार की विदाई के साथ किसानों के आशीर्वाद से भाजपा हाशिए पर आई है, केंद्र सरकार हर काम में अड़ंगा डाल रही है।
भाजपा ने किसानों को छलाः मंत्री ने कहा कि पहले बारदाना नहीं दिया गया और जब हमारी सरकार ने किसानों के पुराने बारदाने में ही धान की खरीदी की तो अब चावल खरीदी के लिए मोदी सरकार नया बारदाना में चावल खरीदने की बात कर किसानों के हित को मारने की योजना बना रही है। चौबे ने कहा कि 15 साल में हर बार चुनाव के समय रमन सिंह किसानों से झूठा वादा करते रहे कि 270, 300 और अंत में 2100 रुपये में किसानों का धान खरीदा जाएगा। हर बार किसानों के साथ भाजपा ने छल किया। इसके अलावा शेरगढ़ के मंच पर उद्योग मंत्री कवासी लखमा ने भी भाजपा पर जमकर हमला बोला और कहा कि भाजपा राम के नाम पर चंदा लेकर वोट बैंक की राजनीति कर रही है।
मंदिर निर्माण के लिए सहयोग राशि को बताया गलतः राम मंदिर के लिए आम लोगों से चंदा लिए जाने को गलत ठहराते हुए मंत्री लखमा ने कहा कि जहां एक ओर मोदी सरकार राम मंदिर के लिए चंदा लेकर गड़बड़ी कर रही है। वहीं कांग्रेस की भूपेश बघेल सरकार माता कौशिल्या का मंदिर बनाने और भगवान राम के राम वन गमन मार्ग के ऐतिहासिक उद्धार के लिये बिना चंदा लिए 137 करोड़ की राशि खर्च कर रही है। इससे प्रदेश के नौ स्थानों, जहां से राम गमन कर वनवास पर गए थे, उनका कायाकल्प किया जाएगा।
पूर्व विधायक गिरवर जंघेल ने भूपेश सरकार की किसान हितैषी योजनाओं के साथ कृषि व सिंचाई के क्षेत्र में मंत्री चौबे के प्रयासों की सराहना की। सरपंच प्रतिनिधि व कांग्रेस नेता शिव वर्मा की मांग पर मंत्री चौबे ने 25 लाख से अधिक निर्माण कार्यों सहित नवीन पंचायत भवन निर्माण की भी स्वीकृति प्रदान की और कहा कि अधिकारी प्रस्ताव बनाकर शीघ्र भेजें। इस दौरान कांग्रेस के जिला अध्यक्ष पदम सिंह कोठारी, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष यशोदा वर्मा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष भीखमचंद छाजेड़, कांग्रेस नेता पंकज बांधव, जालम सिंह पटेल, मिहिर झा, सुनीलकांत पांडेय, निलाम्बर वर्मा, मनराखन देवांगन, मुरली वर्मा, मीरा चोपड़ा, उत्तम सिंह राजपूत, गुलाब चोपड़ा, दिलीप शर्मा, गिरधारी पाल, सरपंच सुशीला वर्मा व अन्य मौजूद रहे।
