खैरागढ़ । नगर पालिका चुनाव को लेकर नाम हटाने, विलोपन, नाम और वार्ड सुधार को लेकर एक से नौ मार्च तक बीस वार्डों के लिए 492 आवेदन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को मिले हैं। वार्डवार शिविर आयोजित कर इनका निराकरण किया जाएगा। इसके बाद ही 26 मार्च को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन होगा। नौ दिनो तक दावा आपत्ति को लेकर जारी कार्यक्रम तहत नपा मतदाता सूची मे नाम नहीं जुड़ पाने और वार्ड स्थानांतरण करने को लेकर 104, नाम सुधार के लिए 15, नाम विलोपन को लेकर 152 और नया नाम जोड़ने 221 आवेदन मिला। इसमे 225 की जांच पूरी हो चुकी है। 59 का पूरी तरह से निराकरण किया जा चुका है। जबकि 433 का निराकरण वार्डवार शिविर के दौरान किया जाएगा। दावा आपत्ति को लेकर वार्ड क्रमांक एक पिपरिया और दस लालपुर मोंगरा से कोई आवेदन नहीं मिला जबकि वार्ड 20 सिविल खम्हरिया से 154, वार्ड 9 इतवरी बाजार से 81, महावीर स्वामी वार्ड 7 गोलबाजार से 74, दाऊचौरा वार्ड 16 से 47, ठाकुर पारा वार्ड 5 से 37 और वार्ड 15 अमलीपारा से अलग अलग कारणो के 29 आवेदन मिले हैं।
वार्डवार जाकर सत्यापन करेगी टीमः नपा चुनाव को लेकर मतदाता सूची मे सीधे नाम नहीं जोड़ने की अनिवार्यता के चलते 316 ने विधानसभा की सूची मे नाम जोड़ने आवेदन दिया है। जिसकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह सब नाम नपा की मतदाता सूची मे जुड़ पाएंगे। विधानसभा मे नाम जोडे की प्रक्रिया शनिवार 13 मार्च तक जारी रहेगी। मतदाताओं के वार्ड मे निवासरत अथवा नहीं रहने के अलावा विवाह सहित अन्य कारणों से अन्यत्र जाने वालों का सतपन करने निर्वाचन शाखा की एक टीम वार्डवार सत्यापन के काम मे जुटी हुई है। शहर की मतदाता सूची मे फिलहाल 16971 मतदाता शामिल है, इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 8262 और महिलाएं 8709 है। एसडीएम निष्ठा पांडेय तिवारी ने बताया कि मतदाता सूची के प्रारंभिक प्रकाशन बाद दावा आपत्ति के दौरान इस तरह की शिकायत मिली है। इसके लिए सत्यापन का काम कड़ाई से किया जा रहा है जिस वार्ड से ज्यादा शिकायतें है वहां जांच दल मे ज्यादा कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं।
बाहरी मतदाताओं से गरमाया माहौल
नगर पालिका चुनाव के लिए जारी प्रारंभिक मतदाता सूची को लेकर दावा आपत्ति के अंतिम दिन कांग्रेस कमेटी के शहर प्रवक्ता ने बड़ा खुलासा करते हुए आरोप लगाया और तुरकारी पारा वार्ड क्रमांक 8 के 123 मतदाताओं की सूची रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को सौंपकर कहा कि बीते 10-15 सालो से भी अधिक समय से इनमे से कई लोग शहर से बाहर दुर्ग-भिलाई, रायपुर आदि शहरों मे निवासरत हैं। कुछ तो विदेश तक जा चुके हैं। इसके बावजूद उनके नाम विलोपित नहीं किए जा रहे। सूची मे से कई नामों का जिक्र करते हुए कहा कि इसमे कुछ लोग ऐसे है जिन्होने लोकसभा या विधानसभा मे वोटिंग नहीं की। लेकिन नगरीय निकाय चुनाव के दौरान वोट यहीं डाला है। उन्होंने किसी पार्टी का नाम लिए बिना कहा कि इससे ज्यादातर पार्टी विशेष के पार्षद प्रत्याशी को लाभ पहुंचता है। सूची मे शामिल महिला मतदाताओं में से ज्यादातर ऐसी हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। लेकिन उनका नाम यहां से विलोपित नहीं किया गया है, ऐसे भी लोग है जो तुरकारी पारा मे किराए का मकान लेकर रहते थे। लेकिन अब या तो वे अपने घर लौट चुके हैं या नौकरीपेशा लोगो का तबादला हो चुका है। वहीं ऐसे लोग भी है जो शहर के विभिन्ना वार्डों में रहते हैं, लेकिन उनका नाम तुरकारी पारा में जोडक़र रखा गया है।
