राजनांदगांव । छग चैंबर आफ कामर्स के चुनाव की तारीख नजदीक आते ही चैंबर प्रत्याशियों की धड़कन बढ़ गई है। प्रत्याशी व्यापारियों को साधने लगे हैं। चेंबर का चुनाव 14 मार्च को उदयाचल प्रांगण में होगा। मतदान के पहले व्यापारी सम्मलेन कर प्रत्याशियों ने अपनी ताकत दिखाई। छग चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश एवं जिला स्तरीय चुनाव का लेकर गौरवपथ स्थित पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर आडिटोरियम में जय व्यापार पैनल द्वारा व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि महापौर हेमा देशमुख थी। सम्मेलन को संबोधित करती हुए महापौर हेमा ने कहा कि नए गृह प्रवेश में कलश की उपयोगिता द्वार पर पैर से उसे गिरा कर मंगल प्रवेश किया जाता है। उसके बाद घर में पवित्र स्थान पर दीपक प्रज्वलित किया जाता है। उनके इस कथन को तब और बल मिला जब उन्होंने कहा कि इसके आगे दीपक में व्यापारी बंधु तेल एवं बाती के रूप में आगामी चुनाव में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। वहीं दूसरी ओर प्रदेश अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अमर पारवानी ने पूर्व के अपने कुल सात वर्षों का लेखा-जोखा को रखा।
राजनेताओं पर कसा तंजः प्रदेश स्तर के महामंत्री पद के प्रत्याशी अजय भसीन ने पूर्व के अपने चैंबर के प्रदेश युवा अध्यक्ष केरूप के कार्यकाल में किए गए कार्य प्रदेश स्तरीय सदस्यता अभियान, रायपुर स्थित डुमरडीह मार्केट सहित अन्य कार्यों का लेखा-जोखा को रखा।
प्रदेश कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशी एवं वर्तमान में छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के महामंत्री उत्तमचंद गोलछा ने राजनेताओं पर तंज कसा। और दीया छाप पर समर्थन देने का आव्हन किया। जय व्यापार पैनल के राजनांदगांव जिला इकाई से उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी भाई अनिल बरडिया ने जिले के व्यापारियों के हित में उनकी तकलीफों में हरसंभव पूरा सहयोग देने का वादा किया। बरडिया 25 वर्षों से भी अधिक समय से राजनांदगांव जिला सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष पद का दायित्व संभाल रहे हैं। वहीं आगामी 15 अप्रैल 2021 से छत्तीसगढ़ प्रदेश सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष पद का महत्वपूर्ण दायित्व को संभालेंगे। जिले से मंत्री पद के प्रत्याशी राजा मखीजा ने भी अपने उद्बोधन में व्यापारियों के हित में उनके सेवक के रूप में सदैव उपलब्ध रहने का आश्वासन व्यापारी बंधुओं को दिए। छत्तीसगढ़ प्रदेश के मुख्य चुनाव संचालक रायपुर निवासी नरेंद्र ने भी वर्तमान में छत्तीसगढ़ चैंबर आफ कामर्स को वंशवाद के दंश से मुक्त कराने एवं व्यापारियों के हित में कार्य करने वाले अमर परवानी के पूर्व के कार्यकाल व वर्तमान में उनके द्वारा व्यापारियों के हित में किए गए कार्यों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया।
कार्यों को किया याद : समाजसेवी जरनैल सिंह भाटिया ने व्यापारियों के हित में अपने पूर्वजों के द्वारा किए गए कार्यों का स्मरण करते हुए वर्तमान में जिले में अस्तित्वहीन की भांति वर्षो से कार्य कर रही उक्त संस्था के बारे में अपने कटु अनुभवों को साझा किया।
जय व्यापार पैनल जिला इकाई के चुनाव संचालक शरद अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ एवं जिले के सभी प्रत्याशियों के कार्यों का उल्लेख करते हुए उपस्थित व्यापारी बंधुओं से पांचों प्रत्याशियों को परिवर्तन के शंखनाद के लिए उनसे अपने मतों का उपयोग करने का आग्रह किया। सुशील पसारी व श्रीकिशन खंडेलवाल ने जहां जय व्यापार पैनल की वर्तमान में प्रदेश एवं जिले में व्यापारी बंधुओं के हित में इनके सभी प्रत्याशियों को विजयश्री दिलाने का आह्वान किया। सम्मेलन में गंडई, छुईखदान, खैरागढ़, डोंगरगढ़, छुरिया, मानपुर, मोहला, डोंगरगांव ब्लाक के व्यापारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
