छुरिया । वनांचल के दर्जनों गांव के किसान लो-वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। लो-वोल्टेज के चलते किसान अपनी फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। किसानों ने व्यवस्था सुधारने बिजली कंपनी के अफसरों को ज्ञापन सौंपा। वहीं 12 मार्च तक व्यवस्था नहीं सुधरने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इधर, ग्रामीणों व किसानों की चेतावनी के बाद कंपनी के अफसरों में हड़कंप मच गया है। किसानों ने बताया कि लो वोल्टेज के चलते वह अपनी खेतों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। खेत में लगे मोटर पंप नहीं चल रहे हैं। इसके चलते खेतों में लगी फसल सूख रही है।
सिंचाई व्यवस्था ध्वस्तः ग्रामीणों ने बताया कि फसल की सिंचाई न होने से फसल सूखने के कगार पर है। सिंचाई व्यवस्था ध्वस्त होने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। खेतों में सिंचाई करने के लिए बोर तक नहीं चल पा रहा है। जिससे धान सूखने के कगार पर है। ग्रामीणों ने कहा कि घरेलू कनेक्शन के लिए अलग ट्रांसफार्मर की व्यवस्था होनी चाहिए. जिससे किसानों को सिंचाई में दिक्कत न आए। ग्रामीणों ने बताया कि लो वोल्टेज इतना ज्यादा है कि लोग फोन तक चार्ज नहीं कर पा रहे हैं।
इन गांवों में अधिक समस्या
छुरिया सब स्टेशन के अंतर्गत ब्रम्हाणी चारभाठा क्षेत्र के लगभग 15 से 20 गांव में इन दिनों लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। जिससे क्षेत्र के आम जनता व किसान भारी परेशान हैं। लो वोल्टेज की समस्या के कारण ग्रामीणों को पेयजल ,घरेलू लाइट पंखा, नलकूप, बोर कनेक्शन, आटा चक्की मशीन सहित विभिन्ना विद्युत उपकरण नहीं चला पा रहे हैं। भर्रीटोला, बखरूटोला,ब्रह्मणी चारभाठा, बिजेपार, आमगांव, मोहगांव, घेरूघाट, पैरीटोला, मोरकुटूम्म, जोब, नादियाखुर्द, झारीखैड़ी, बेदाडी पंडरापानी आदि गांव में लो वोल्टेज की समस्या को देखते हुए बड़ी संख्या में ग्रामीण आज विद्युत कार्यालय छुरिया पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। कनिष्ठ अभियंता ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए एक सप्ताह के भीतर मामले का निराकरण करने का आश्वासन दिया। ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व जपं उपाध्यक्ष रविंद्र वैष्णव, श्यामबिहारी ठाकुर, ललित साहू, माया राम, पदमभूषण साहू, गौतमचंद्र साहू, निजामसाय, लेखूराम, गेंदलाल व अन्य मौजूद रहे।
