रायपुर। Rail Helpline: यात्रियों की सुरक्षा और सहायता के लिए अब एक ही हेल्पलाइन नंबर होगा। 139 नंबर के माध्यम से यात्री ट्रेन से जुड़ी हर जानकारी, समस्याओं का निदान प्राप्त कर सकेंगे। हेल्पलाइन नंबर के अलावा वेबसाइट और रेल मदद एप के माध्यम से ट्रेन संबंधी सभी शिकायतों का निवारण किया जाएगा। डिजिटल पहल के माध्यम से अब पूरी प्रक्रिया आनलाइन होगी।
इससे जहां रेल यात्रियों की शिकायतों के निवारण की प्रक्रिया को सरल बनाया गया है। वहीं, यात्रियों को विभिन्न नंबरों से छुटकारा मिल जाएगा। ज्ञात हो कि इसके पहले ट्रेन में पानी, बिजली, चिकित्सा, ट्रेन में ऐसी खराबी, ट्रेन दुर्घटना,ट्रेन में सफाई आदि कार्याें के लिए लगभग 15 से अधिक हेल्पलाइन नंबर जारी कर रखे थे। मगर यात्रियों के लिए इन नंबरों को एक साथ याद रखना संभव नहीं होता था। इसलिए रेलवे ने सिर्फ एक हेल्पलाइन नंबर रखने का निर्णय लिया है।
टि्वटर की तरह शिकायत होगी दर्ज
रेलवे में यात्री सुविधाओं और शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 139 और सहायता पोर्टल रेल मदद ही काम करेगा। रेल अधिकारियों की मानें तो एप में टि्वटर की तरह यात्री शिकायत दर्ज करा सकेंगे। सेंटर फार रेलवे इंफॉरमेशन सिस्टम (क्रिस) ने इसे तैयार किया है। दूसरा ‘रेल मदद’ पर शिकायत दर्ज कराते ही वह संबंधित विभाग तक पहुंच जाएगी। इससे समस्या के निराकरण में आसानी हो जाएगी।
सिर्फ 182 रहेगा प्रभावशील
रेलवे द्वारा सफर के दौरान यात्रियों को किसी भी तरह की पुलिस सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 182 शुरू किया था। इसका यात्री समय-समय पर लाभ ले रहे हैं। महिलाओं की सुरक्षा के लिए भी यह नंबर महत्वपूर्ण है। महिला कोच में पुरुष यात्री के सफर करने सहित ट्रेन में किसी भी तरह की असुविधा होने पर महिलाएं मोबाइल से सीधे इस नंबर पर कॉल कर जीआरपी व आरपीएफ की मदद ले सकती हैं। सफर के दौरान शिकायत करने पर अगले स्टेशन पहुंचने से पहले पुलिस पहुंच जाती है। ट्रेन के रुकते ही संबंधित कोच में यात्री के पास पहुंचकर शिकायत का निराकरण करती है।
अभी तक ये हेल्पलाइन नंबर थे
138 : ट्रेन में पानी, बिजली, चिकित्सा, एसी आदि यात्री सुविधाओं की शिकायत के लिए।
182 : ट्रेन में सुरक्षा संबंधी मदद के लिए।
139 : ट्रेन व आरक्षण,ट्रेन में पानी, बिजली, चिकित्सा, एसी, ट्रेन में सुरक्षा संबंधी मदद के लिए।
ये नंबर बंद हो जाएंगे
सामान्य शिकायत-138, 1098: चाइल्ड लाइन, कैटरिंग सर्विस-1800111321, सतर्कता- 152210 दुर्घटना/संरक्षा-1072, क्लीन माई कोच- 58888/138 एसएमएस शिकायत-9717630982, 155210: विजिलेंस हेल्पलाइन नंबर जैसे कंपलेंट मैनेजमेंट सिस्टम सहायता पोर्टल जल्द बंद हो जाएंगे।
