रायपुर। दुर्ग के विधायक अरुण वोरा कोरोना संक्रमित हो गए हैं। इनकी जांच रिपोर्ट पाजिटिव आई है। विधायक ने खुद इसकी पुष्टि कर दी है। लगातार भीड़ वाले स्थानों पर रहने की वजह से वह संक्रमित हुए हैं। इसलिए अपने संपर्क में आने वालों को सलाह दी है कि वे कोविड टेस्ट करा लें ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
विधायक के संक्रमित होने की खबर लगते ही विधानसभा के अन्य सदस्य भी सतर्क हो गए हैं। विधानसभा की कार्रवाई में विधायक वोरा ने हिस्सा लिया था। बजट के दौरान वह मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कई मंत्रियों के संपर्क में थे।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मोतीलाल वोरा के पुत्र अरुण वोरा दुर्ग के विधायक हैं। बुधवार को उन्होंने ट्वीट कर जानकारी दी कि कोरोना रैपिड एंटीजन टेस्ट रिपोर्ट पाजीटिव आई है। विधायक अरुण वोरा ने पिछले दिनों विधानसभा की कार्रवाई में भी हिस्सा लिया है। इसलिए उन्होंने सबको सतर्क कर दिया है। उनसे नजदीकी संपर्क में आए सभी लोगों से अपना कोविड टेस्ट करवाने एवं सेहत का ध्यान रखने की अपील की है।उल्लेखनीय है कि विधायक अरुण वोरा कोरोना काल के पीक समय में जिला प्रशासन एवं नगर निगम के साथ लगातार जरूरतमंदों की मदद करते हुए सूखा राशन एवं पका हुआ भोजन वितरण करने के साथ ही शहर में महा सैनिटाइजेशन अभियान चलाया था। कोरोना की दूसरी लहर में संक्रमित हुए विधायक वोरा फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में होम आइसोलशन में है। इधर, संपर्क में आने वाले भी आइसोलेशन में होना शुरू हो चुके हैं।
