राजनांदगांव . लगातार तीन दिनों तक बदली व इस बीच बेमौसम बारिश के बाद शुक्रवार को आसमान साफ तो हो गया, लेकिन गर्मी वाले बसंत ऋतु में पूरे दिन ठंड का अहसास कराया। दिनभर ठंडी हवा चलती रही। 30 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री पर रहा। रात ही नहीं, बल्कि दिन में भी तापमान सामान्य से कम होने के कारण मौसम का मिजाज खुशनुमा बना हुआ है। बुधवार रात के बाद गुरुवार को देर शाम जोरदार बारिश हुई। बसंत के मौसम में करीब 25 मिमी की बारिश ने ठंड की वापसी करा दी। शुक्रवार को बादल छंटने के साथ ही मौसम में ठंडकता बढ़ गई। अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार यह सामान्य से दो डिग्री कम है। बीती रात में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यह सामान्य से एक डिग्री कम है।
आज भी मौसम रहेगा शुष्क : सहायक मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा के अनुसार एक उपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा तटीय आंध्र प्रदेश और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर से 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। इसके कारण पर्याप्त मात्रा में नमी आ रही है। इसके प्रभाव से शुक्रवार को कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हुई। शनिवार को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
सब्जी व दलहनी फसलों को नुकसान : खराब मौसम का असर सब्जियों व दलहनी फसलों पर पकड़ने का अंदेशा बना हुआ है। टमाटर, धनिया व अन्य सब्जी फसलों में कीड़े लगने की आशंका जताई जा रही है। वहीं अरहर, लाख व लाखड़ी के अलावा अन्य दलहनी फसलों के दाने सड़ने या न पकने की भी आशंका जताई जा रही है। हालांकि बेमौसम बारिश से गेंहू की फसल को आंशिक रूप से फायदा भी हो सकता है।
छुरिया ब्लाक के ग्राम जंगलपुरप के युवा किसान मनोज शिन्दे ने बताया कि कटने के बाद खेत-खलिहान में में असुरिक्षत रखे उपज इस बारिश से खराब हो सकते हैं।
