राजनांदगांव . लंबे समय के बाद बोरतलाव क्षेत्र में नक्सली वारदात के बाद पुलिस चौकन्नाी हो गई है। नक्सलियों ने बीते बुधवार की रात बोरतलाव थाना क्षेत्र के ग्राम खुर्सीपार निवासी मुन्नाा लाल वर्मा की मुखबिरी के शक पर हत्या कर दी। इसके बाद से अंदरूनी गांवों में दहशत बढ़ गई है। खबर है कि करीब 30 से 40 की संख्या में नक्सली बोरतलाव और बागनदी क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना के बाद पुलिस ने क्षेत्र में सर्चिंग तेज कर दी है।
जिले में लगातार हो रही नक्सली वारदात को लेकर शुक्रवार को दुर्ग रेंज आइजी विवेकानंद सिन्हा राजनांदगांव पहुंचे। आइजी ने एसपी कार्यालय के सभागृह में गोपनीय बैठक ली, जिसमें पुलिस अधीक्षक डी. श्रवण, एएसपी जेपी बढई, नक्सल प्रभावित थानों के प्रभारियों के साथ एसडीओपी भी मौजूद रहे। बैठक में आइजी ने नक्सली घटनाओं की समीक्षा करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में सर्चिंग तेज करने के निर्देश दिए।
रणनीति बनाकर करें काम : आइजी ने कहा कि नक्सल क्षेत्रों में सर्चिंग से पहले ठोस रणनीति तैयार कर लें। डेढ़ माह में हुई नक्सल वारदातों की भी समीक्षा की और सभी नक्सल प्रभावित थानों के प्रभारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित गांवों के साथ सरहदी क्षेत्रों में संयुक्त अभियान चलाएं। ज्ञात हो कि नक्सलियों ने पहले ही पत्र जारी कर पुलिस मुठभेड़ में मारे गए अपने साथियों की मौत का बदला लेने के लिए मुखबिरी करने वालों को टारगेट करने का फरमान जारी किया है। इसमें नक्सलियों ने 25 ग्रामीणों के नाम भी बताए हैं। इनकी सुरक्षा और नक्सल वारदातों को रोकने के लिए पुलिस ने भी अब ऑपरेशन तेज कर दिया है। आइजी विवेकानंद ने नक्सल क्षेत्रों में निर्दोष ग्रामीणों की हत्या को लेकर भी पुलिस अधिकारियों की बैठक ली।
डेढ़ माह में पांच ग्रामीणों की हत्या
पिछले डेढ़ माह में नक्सलियों ने मुखबिरी के शक पर पांच ग्रामीणों की हत्या की है। मानपुर इलाके में ही चार ग्रामीणों की हत्या करने के बाद नक्सलियों ने बोरतलाव के खुर्सीपार में वन समिति के सदस्य मुन्नाा लाल वर्मा की गोली मारकर हत्या की है। लगातार हो रही ग्रामीणों की हत्या को लेकर नक्सल प्रभावित गांव के लोगों में दहशत भी बढ़ गई है। नक्सलियों ने इससे पहले 29 दिसंबर को मानपुर के टांगापानी में महेश कचलामे ही गोली मारकर हत्या की थी। उसके बाद 13 जनवरी को मानपुर के परदोनी ढब्बा में पूर्व सरपंच मैनूराम सलामे और फिर 25 जनवरी की रात मानपुर के ही कामखेड़ा में सरपंच शैलेंद्री बाई के ससुर इंदलशाह मंडावी व पड़ोसी गांव मुरारपानी के धनसाय गावड़े की हत्या कर अपने मंसूबे में कामयाब हो गई है।
