राजनांदगांव । छुईखदान क्षेत्र की ग्राम पंचायत बुंदेली के व्यवसायिक परिसर निर्माण में गड़बड़ी के मामले को लेकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सरपंच व सचिव को बर्खास्त करने की मांग की है। ग्रामीण इसके पहले भी दो बार ज्ञापन दे चुके हैं, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं होने से फिर कलेक्टोरेट आना पड़ा।सरपंच-सचिव को बर्खास्त करने की मांग की तख्ती लेकर बड़ी संख्या में छुईखदान क्षेत्र के ग्राम पंचायत बुंदेली के ग्रामीण सोमवार को कलेक्टोरेट पहुंचे। उन्होंने गांव में बने व्यवसायिक परिसर निर्माण में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए सरपंच और सचिव को बर्खास्त करने की मांग कलेक्टर से की है। ग्रामीणों ने अपने सौंपे गए ज्ञापन में कहा है कि गांव में व्यावसायिक परिसर का अवैध निर्माण कराया गया है। इस व्यावसायिक परिसर को अवैध घोषित करने की मांग करते हुए कहा कि इस कांप्लेक्स निर्माण को लेकर ग्रामसभा में प्रस्ताव पास नहीं किया गया है और कांप्लेक्स निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति भी नहीं ली गई है। निर्माण के लिए कार्य आदेश भी जारी नहीं किया गया है, वहीं निर्माण के लिए तकनीकी स्वीकृति भी नहीं ली गई है। सरपंच-सचिव व्यक्तिगत लाभ पाने के लिए कांप्लेक्स का निर्माण किए हैं।
बीते दिनों ग्राम पंचायत बुंदेली के ग्रामीणों ने कलेक्टर से शिकायत कर मामले की जांच करने की मांग की थी। कलेक्टर के आदेश के बाद इस मामले की जांच हुई जिसमें बुंदेली के सरपंच और सचिव दोषी भी पाए गए हैं। इसके बाद बुंदेली के ग्रामीणों ने सरपंच-सचिव पर कार्रवाई की मांग तेज कर दी है और उन्हें तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने कलेक्टर से गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने कहा कि इस मामले में सचिव का तबादला किया गया लेकिन सरपंच के विरूद्ध कार्रवाई नहीं हुई है। तबादला भर से बात नहीं बनेगी। सचिव और सरपंच दोनों को इस मामले में बर्खास्त किया जाना चाहिए, नहीं तो आने वाले दिनों में ग्रामीणों के द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा ।
