राजनांदगांव। अमृत मिशन योजना के तहत बिछ रही पाइप लाइन शहरवासियों के लिए इन दिनों मुसीबत बन गई है। इसमें ठेकेदार भी जमकर मनमानी कर रहे हैं, जिसका खामियाजा शहर के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। दिक्कत इसलिए है, क्योंकि पाइप लाइन बिछाने के बाद ठेकेदार गड्ढों को समतल नहीं करवा रहा है। इसके चलते हर वार्ड के लोग परेशान हो गए हैं। सोमवार को शहरवासियों की परेशानी की शिकायत के बाद भाजपा नेताओं ने पाइप लाइन विस्तार और सड़कों का हाल देखा। पूर्व महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि निगम प्रशासन की अनदेखी की वजह से शहर के लोगों को मुसीबत उठानी पड़ रही है। यह बिल्कुल गलत है। भाजपा नेताओं ने पाइप लाइन के गड्ढों को पूरी तरह समतल कराने की मांग की। वहीं चेतावनी भी दी कि गड्ढों को उसी दशा में छोड़ा गया, तो भाजपा उग्र आंदोलन करेगी।00 हर वार्डवासियों में आक्रोशपाइप लाइन बिछाने के बाद गड्ढों को समतल नहीं किया जा रहा है, जिसके कारण शहर के उन सभी वार्डों में रहवासी आक्रोशित हैं, जहां पाइप लाइन बिछाने के बाद गड्ढों को अधूरा ही छोड़ दिया गया है। शहर के नंदई यादव पारा के रहवासियों ने दो दिन पहले ही निगम प्रशासन के खिलाफ इंटरनेट मीडिया में भड़ास निकाली थी। यहां मोहल्ले के बीचों-बीच सड़क को खोदकर गड्ढों को नहीं पटवाया गया है, जिसके कारण वार्डवासी बाइक व साइकिल तक नहीं चला पा रहे हैं। बच्चें भी गली में खेलते वक्त हादसों का शिकार हो रहे हैं। इसी तरह चौखड़िया पारा, नंदई, फौव्वारा चौक, जमात पारा व अन्य वार्डों का भी हाल है।
भाजपाइयों ने दी आंदोलन की चेतावनीशहरवासियों की शिकायत के बाद पाइप लाइन विस्तार और सड़कों का हाल देखने पहुंचे भाजपा नेताओं ने नगर निगम प्रशासन को ज्ञापन दिया है, जिसमें सड़कों की दशा सुधारने की मांग की गई है। पूर्व महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि अमृत मिशन के तहत पाइप लाइन का विस्तार अच्छी बात है, लेकिन पाइप लाइन बिछाने के बाद गड्ढों को समतल करें। ठेकेदार की इस तरह की मनमानी को निगम प्रशासन अनदेखा क्यों कर रही है। यह समझ से परे हैं। दुकान-मकान सबके सामने गड्ढे हो गए हैं। इससे यातायात भी प्रभावित हो रहा है। इसे तत्काल सुधार कराएं। वरना 14 फरवरी को भाजपा व पार्षद द्वारा उग्र आंदोलन किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान भाजपा पार्षद दल के नेता किसून यदु, उत्तर मंडल अध्यक्ष अतुल रायजदा, दक्षिण मंडल अध्यक्ष तरूण लहरवानी, पार्षद पारस वर्मा, विजय राय, शरद सिन्हा, गप्पु सोनकर, कमलेश बंधे, अजय छेदैया, अरूण देवांगन, राजेश जैन, मधु बैद और पार्षद प्रतिनिधि आशीष डोंगरे, अरुण साहू, उत्तरा अरूण दामले समेत अन्य मौजूद थे।
