राजनांदगांव। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के तहत बनने वाले कार्ड की प्रक्रिया जिले में शुरू हो गई है। लेकिन स्वास्थ्य कर्मचारी इनमें लापरवाही बरत रहे हें। कोरोना संक्रमण के बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का भी पालन नहीं कराया जा रहा है। यही नहीं काउंटर भी एक ही है, जिसके चलते हितग्राहियों की भीड़ उमड़ने लगी है। भीड़ में शारीरिक दूरी का पालन तक नहीं हो पा रहा है। सोमवार को शहर के लोगों ने कलेक्टर टीके वर्मा से इसकी शिकायत की, वहीं यह मांग भी रखी कि जिला अस्पताल में कार्ड बनाने की प्रक्रिया के लिए दो से तीन काउंटर बनाएं, ताकि हितग्राहियों को किसी तरह की परेशानी ना हो। लोगों की शिकायत सामने आने पर सीएमएचओ डा. मिथलेश चौधरी ने कहा कि व्यवस्था बनाई जा रही है। जल्द ही काउंटर की संख्या बढ़ाई जाएगी।शिवसेना के पदाधिकारियों ने भी सोमवार को कलेक्टोरेट पहुंचकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा है। शिवसेना के जिला अध्यक्ष कमल सोनी, उपाध्यक्ष मोहन सिन्हा व माहसचिव नारायण झा, संगठन सचिव आयुष वर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना के तहत कार्ड बनाने में नियमों का उल्लंघन ही नहीं बल्कि कर्मचारी लापरवाही भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर में केवल जिला अस्पताल में ही कार्ड बनाने की प्रक्रिया हो रही है, जहां शहर के सभी 51 वार्डों के हितग्राही पहुंच रहे हैं। इस वजह से भीड़ जमा हो रही है। इससे निजात दिलाने के लिए पदाधिकारियों ने शहर के सभी वार्डों में जगह चिन्हांकित कर शिविर लगाया जाए, ताकि हितग्राहियों की भीड़ अस्पताल में ना बढ़े। इसी तरह शिवसैनिकों ने ग्रामीण क्षेत्रों में भी शिविर लगाने से पूर्व सूचना देने की मांग रखीहै।
