राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी के गठन के बाद अब कांग्रेस संचार विभाग का भी पुनर्गठन कर दिया गया है। एआईसीसी के छत्तीसगढ़ प्रभारी पीएल पुनिया के अनुमोदन और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सहमति से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कांग्रेस संचार विभाग की 34 सदस्यों की सूची को जारी किया है। प्रदेश कांग्रेस महामंत्री शैलेष नितिन त्रिवेदी एक बार फिर अध्यक्ष बनाए गए हैं, उनके साथ कांग्रेस संचार विभाग के 16 सदस्य बनाये गये है। कांग्रेस संचार विभाग में 12 प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ताओं की नियुक्ति की गई है और 5 मीडिया कोआर्डिनेटर बनाये गये हैं। राजनांदगांव के वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमलजीत सिंह पिंटू को प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई है। अपने तीखे बयानों को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहने वाले कमलजीत पिंटू ने अपनी नियुक्ति पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए पार्टी के सभी वरिष्ठ जनों के प्रति आभार जताया है। अनेक स्नेही जनों व इष्ट मित्रों ने पिंटू को बधाई दी है।
