कोरबा-शहर के एसपी ऑफिस के पुलिस कर्मी रविवार की सुबह दफ्तर से बाहर भागते दिखे। वजह यह थी कि अंदर की तरफ 8 फीट लंबा एक सांप नजर आया था। दरअसल सुबह जब दफ्तर खोलने के लिए कर्मचारी यहां पहुंचे तो डिस्पैच काउंटर के पास यह सांप दिखा। बाहर की तरफ आकर पुलिस कंट्रोल रूम में कार्यरत एक महिला अधिकारी ने स्नेक रेस्क्यू एक्सपर्ट को सांप के बारे में बताया।कुछ ही मिनट में एक्सपर्ट जितेंद्र वहां आ पहुंचे।
तब तक सांप अपनी जगह बदल चुका था। सांप की तलाश शुरू हुई। करीब 30 मिनट तक खोजने के बाद सांप टॉयलेट में बैठा मिला। एक्सपर्ट जितेंद्र सारथी ने पूंछ के हिस्से से पकड़कर सांप पर काबू पाया। इसे बाहर लेकर आए। जितेंद्र ने बताया कि यह धमना सांप है। यह जहरीला नहीं होता पर काटता जरुर है। इसकी लंबाई देखकर अक्सर लोग डर जाते हैं। सांप को अब सुरक्षित जंगल की तरफ छोड़ा जाएगा।
