साप्ताहिक बंद के तहत राजनांदगांव शहर में गुरुवार को दुकानों को बंद रखने की हिदायत के बाद भी दुकान खुली रखने वालों पर नगर निगम ने चालानी कार्रवाई की है।
राजनांदगांव . कोरोना संक्रमण को देखते हुए राजनांदगांव नगरी निकाय क्षेत्र में लॉकडाउन बीते दिनों किया गया था जिसमें सुबह 10ः00 बजे तक ही आवश्यक सेवाओं से जुड़ी दुकानों को खोलने का निर्देश दिया गया था। इसके बाद इस समय को बढ़ाकर शाम 7ः00 बजे तक कर दिया गया है और सभी दुकानों को खोलने छूट दी गई है। लेकिन इन सभी दुकानों को गोमास्ता एक्ट के तहत साप्ताहिक बंद का कड़ाई से पालन करने का फरमान भी जारी किया गया है। इसके बावजूद राजनांदगांव शहर में कुछ दुकानें गुरुवार को खुली रही। जिस पर नगर निगम के राजस्व अमले ने चालानी कार्रवाई की है। राजनांदगांव शहर के गौशालापारा में बाबा रामदेव मोबाइल शॉप गुरुवार को खुली हुई मिली। जिस पर नगर निगम के राजस्व अमले ने पहुंचकर 2000 की चालानी कार्रवाई की है।
गोमास्ता एक्ट के तहत सप्ताह में एक दिन दुकानों को बंद किया जाना है लेकिन कुछ दुकानदार अभी भी इस एक्ट का पालन नहीं कर रहे हैं और अपनी दुकानें सप्ताह के सातों दिन खुली रख रहे हैं। बाबा रामदेव मोबाइल शॉप के संचालक ने गुरुवार को भी दुकान खुली रखी थी और दुकान में लोग बिना मास्क लगाएं खरीदारी भी कर रहे थे। जिस पर नगर निगम के राजस्व अमले ने मास्क लगाने की हिदायत दी है और गोमास्ता एक्ट के तहत सप्ताहिक बंद करने का कड़ाई से पालन करने कहा है। वहीं ऐसा नहीं किए जाने पर दुकान को सील करने की कार्रवाई किये जाने की बात कही है।
