चिटफण्ड कम्पनी चलाकर की धोखाधड़ी 31 लोगों से 35 लाख की ठगी
राजनांदगांव। जिले में भाजपा शासनकाल में चिटफंड कंपनियों का बोलबाला था और 3 साल में रकम दुगनी करने के नाम पर भोले-भाले ग्रामीणों को लूटने का काम जोर-शोर से चल रहा था जिसकी शिकायतें लगातार आ रही थी और पुलिस द्वारा पहले भी कई कंपनियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया था इसी तारतम्य में खैरागढ़ इलाके में दर्जनों ग्रामीणों से रकम दोगुनी करने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए खैरागढ़ भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश कोठले समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं इस पूरे मामले का मास्टर माईंड तरूण साहू समेत तीन फरार हैं।
खैरागढ़ के ग्रामीण इलाकों में करीब 10 साल से चिटफंड कंपनी के नाम पर भोले भाले ग्रामीणों को ठगकर लाखो रुपए ऐंठ लिए गए है। रकम वापस करने का समय पूरा होने पहले ही कंपनी ने अपनी दुकानदारी समेट ली और लाखों रुपए की चपत ग्रामीणों को लगा दी। पुलिस में मामले की शिकायत होने के बाद खैरागढ़ भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश कोठले और उसके साथी तरूण साहू, राजकुमार साहू , चम्मनदास साहू, सत्यपाल वर्मा, रंजीत सोनकर, राजेन्द्र स्वान्सी के विरुद्ध मामले की जांच की और 4 लोगों को हिरासत में लिया। आरोपियों द्वारा सर्वोदय मल्टीट्रेड लिमिटेड कंपनी के अधीन माईक्रो इन्वेसमेंट का डायरेक्टर बनकर खैरागढ़ क्षेत्र में लोगों से मासिक, छैमासी, सालाना, पांच वर्ष तथा 15 वर्ष के लिए अलग-अलग ब्याज दरों पर रकम जमा कराया जाता था। लोगों को निवेश कराने के दौरान आरोपियों ने दोगुना तथा 4 गुना रकम वापस मिलने का झांसा दिया जाता था। इस दौरान खैरागढ़ में संचालित ब्रांच में आसपास के दर्जनों ग्रामीणों ने लाखों रुपए जमा कराए। इन्हीं निवेशकों में खिलावन चंद्राकर द्वारा 2011 से लगातार 2019 तक साढ़े 7 लाख रुपए सपत्नीक जमा कराया। वहीं एक और हितग्राही रामप्रसाद पटेल ने भी 9 लाख रुपए कंपनी में निवेश किए। इसी तरह अलग-अलग गांव के लोगों ने भी कंपनी करीब 35 लाख रुपए का निवेश किया। इसके ठीक बाद कंपनी एकाएक अपना कारोबार छोडक़र रफूचक्कर हो गई, तब से निवेशक रकम के लिए ब्रांच का चक्कर लगाते रहे। बताया जा रहा है कि भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश कोठले ने अपने राजनीतिक प्रभाव के जरिये लोगों को निवेश कराने के लिए प्रोत्साहित किया। वहीं दीगर जिलों के कथित डायरेक्टरों को कोठले का भरपूर साथ मिला। अब पूरा मामला पुलिस तक पहुंच गया है।
इस संबंध में खैरागढ़ पुलिस का कहना है कि मंडल अध्यक्ष कोठले समेत 4 को फिलहाल हिरासत में लिया गया। तीन अन्य आरोपी की खोजबीन की जा रही है। पूरे मामले का पर्दाफाश होने के बाद पुलिस डायरेक्टरों की पृष्ठभूमि को लेकर जानकारी जुटा रही है।
