पीएम आवास योजना की प्रगति का विकासखण्डवार समीक्षा, कम प्रगति वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
प्रभारी सचिव एल्मा ने जिला स्तरीय अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक
मोहला , जिले के प्रभारी सचिव पी.एस.एल्मा ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं के प्रगति समीक्षा की। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस यशपाल सिंह, डीएफओ दिनेश पटेल उपस्थित रहे।
प्रभारी सचिव एल्मा ने सुशासन तिहार 2026 की तैयारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी लेते हुए सभी विभागों की कार्य योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों का त्वरित निराकरण किया जाए तथा सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन गंभीरता से करें। विशेष रूप मुख्यमंत्री जनदर्शन के तहत प्राप्त आवेदनों के शीघ्र एवं प्राथमिकता के आधार पर निराकरण के निर्देश दिए गए। उन्होंने शिविर स्थलों पर पेयजलए बैठक व्यवस्था एवं शिविर आयोजन के लिए स्थान चिन्हांकन सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वर्तमान में संचालित जनगणना कार्यों की तैयारियों की भी समीक्षा की।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए शिशु मृत्यु दर एवं कुपोषण की स्थिति के संबंध में स्वास्थ्य तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने महिलाओं के स्वास्थ्य, सुपोषण तथा मातृ-शिशु मृत्यु दर में सुधार हेतु संयुक्त प्रयासों पर बल दिया। हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं का नियमित फॉलोअप, संस्थागत प्रसव एवं टीकाकरण बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में स्वीकृत प्रधानमंत्री आवास योजनाओं की प्रगति का विकासखण्डवार आकलन किया गया। उन्होंने कहा कि जिले में पीएम आवास की प्रगति संतोषजनक है, लेकिन जिन विकासखण्डों में प्रगति कम है, वहां विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। पहली किस्त के बाद कार्य पूर्ण करने एवं दूसरी किस्त जारी करने में हो रही देरी की समीक्षा कर समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कोरिया मॉडल आधारित वर्षा जल संचयन कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली गई। एनआरएलएम के अंतर्गत लखपति दीदी योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यकयू दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। वहीं, स्वच्छ भारत मिशन के तहत ओडीएफ प्लस मॉडल के क्रियान्वयन एवं प्रगति का भी विस्तार से समीक्षा की गई।
लीड बैंक की समीक्षा के दौरान जिले में नए बैंक शाखाओं के विस्तार एवं ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। ऋण प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए साइकिल वितरण, पीएम स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए यातायात सुविधा तथा बच्चों के हेल्थ कार्ड बनाने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर जीआर मरकाम, अपर कलेक्टर मिथलेश डोंडे, एसडीएम मानपुर अमित नाथ योगी, डिप्टी कलेक्टर डीआर धु्रव सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहें।
